महासमुन्द
शासकीयकरण की मांग को लेकर 22 दिन से हड़ताल पर हैं पंचायत सचिव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9अप्रैल। बीते 22 दिनों से बेमुद्दत हड़ताल पर चल रहे पंचायत सचिवों को 24 घंटे के भीतर काम पर लौटने की नोटिस आज बुधवार शाम तक जारी होने की खबर है। ऐसा न करने वालों के विरूद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मैदानी स्तर पर कार्यरत अधिकारी कर्मचारियों को अस्थाई तौर पर सचिव का प्रभार सौंपा जाएगा। सरपंच व अस्थाई सचिव संयुक्त हस्ताक्षर से पंचायत निधि से राशि आहरण कर पंचायत का काम सुचारू रूप से कर सकेंगे।
इस संबंध में जारी एक पत्र में कहा गया है कि पंचायत राज अधि.1993 की धारा.69-1 के प्रावधान के अनुसार जिले में कार्यरत सहायक आंतरिक लेखा परीक्षण एवं करारोपण अधिकारी के साथ-साथ अन्य मैदानी कर्मियों को कार्य संपादन हेतु पंचायत सचिव का अस्थाई प्रभार सौंपा जाए। साथ ही धारा.66-4 के अनुसार पंचायत निधि से राशि आहरण सरपंच व नए प्रभारी सचिव के संयुक्त हस्ताक्षर से कर सकेंगे।
मालूम हो कि शासकीयकरण की मांग को लेकर जिले के साथ-साथ प्रदेश भर में पंचायत सचिव बीते 18 मार्च से हड़ताल पर हैं। फलस्वरूप पंचायतों में मूलभूत सुविधाओं से लेकर विकास के तमाम काम ठप पड़े हैं। तापमान बढऩे के साथ.साथ गांवों में पेयजल व निस्तारी की समस्या भी गहराने लगी है। सचिवों के ड्यूटी पर नहीं होने से भीषण गर्मी बढऩे के साथ.साथ यह समस्या भी बढ़ती ही जाएगी।
उधर कल से प्रदेश में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप समस्याओं के समाधान के लिए सुशासन तिहार.2025 भी शुरु हो गया है। प्रशासन ने इसके लिए चाक.चौबंद तैयारी कर रखी है। पत्र में लिखा है कि सचिवों की हड़ताल सिविल सेवा आचरण नियम 1965-3,1 के विपरीत है। क्यों न आपके विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित की जावे। आप अपना जवाब तीन कार्यालयीन दिवस के भीतर अधोहस्ताक्षरकर्ता के समक्ष प्रस्तुत करें। विलम्ब की स्थिति में आप स्वयं जिम्मेदार होंगे।