महासमुन्द

जिला अस्पताल में 3 महीने से रैपिड टेस्ट किट की सप्लाई नहीं, इमरजेंसी वाले मरीजों को भी एक-एक घंटे इंतजार करना पड़ रहा
09-Apr-2025 2:37 PM
जिला अस्पताल में 3 महीने से रैपिड टेस्ट किट की सप्लाई नहीं, इमरजेंसी वाले मरीजों को भी एक-एक घंटे इंतजार करना पड़ रहा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9 अप्रैल।
महासमुंद जिला अस्पताल में रैपिड टेस्ट किट खत्म हो जाने से मरीजों को इन दिनों काफी असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। यह स्थिति बीते एक महीने से बनी हुई है। बावजूद अब तक व्यवस्था नहीं बनाई जा सकी है। हालात ये है कि इमरजेंसी केस के मरीजों को जांच के लिए पौन घंटे से एक घंटे तक इंतजार करना पड़ है। ऐसे में मरीजों को खतरा भी बना रहता है। जानकारी अनुसार जिला अस्पताल में दो तरह के रैपिड किट से एचआईवी जांच की जाती है। जिनमें से 10 मिनट में जांच करने वाली रैपिड टेस्ट किट खत्म हो गई है।

विभागीय जानकारी अनुसार सीजीएमएसी ने प्रदेशभर के अस्पतालों में इस किट की बीते 3 महीने से इसकी सप्लाई नहीं की है। ऐसे में जिला अस्पताल में आईसीटीसी एचआईवी एड्स जांच केंद्र में बीते एक माह से एचआईवी रैपिड टेस्ट किट की कमी बनी हुई है। जो स्टाक बचे थे, उनसे ही जांच किया जा रहा था। रैपिड टेस्ट किट से जांच के बाद रिपोर्ट आने में सिर्फ 10 मिनट का समय लगता है। यह अब पूरी तरह से खत्म हो गई।

वर्तमान में जिस रैपिड किट से जांच की जा रही है, उसकी रिपोर्ट आने में करीब 45 मिनट से एक घंटा लगता है। तब तक मरीजों को इंतजार करना पड़ता है। वर्तमान में जिला अस्पताल में हर दिन 50 मरीज जांच कराने पहुंच रहे हैं। इस तरह यहां जिला अस्पताल में हर महीने करीब 1500 मरीज एचआईवी जांच कराने पहुंचते हैं। 

 

सिजेरियन डिलवरी के लिए प्रसूता के साथ आए एक परिजन ने बताया कि प्रसूता को आपात स्थिति में सिजेरियन डिलवरी करवाने के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया। यहां प्रसूता को सुबह 7 बजे एडमिट किया। जांच के बाद ब्लड सैंपल निकाल एक सैंपल ब्लड टेस्ट और एक एचआईवी जांच केंद्र आईसीटीसी ले जाने के लिए कहा गया। दूसरे दिन की सुबह 9.15 बजे के करीब सैंपल लेकर आईसीटीसी पहुंचा। स्टाफ  ने आधे घंटे बाद रिपोर्ट आकर ले जाने की बात कही। लेकिन पौन घंटे लग गए। इधर मरीज की स्थिति बिगड़ती जा रही थी। 45 मिनट बाद रिपोर्ट मिली,तब जाकर डॉक्टर ने सिजेरियन किया।

जिला अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार प्रतिदिन जिला अस्पताल में 50 मरीज जांच कराने पहुंचते हंै। अस्पताल अधीक्षक डॉ. बसंत माहेश्वरी ने बताया कि वर्ष 2024-25 के मार्च महीने तक जिला अस्पताल में बीते एक साल में कुल 17761 मरीजों ने एचआईवी जांच करवाया है। इनमें से 47 मरीज पॉजीटिव पाए गए हंै। जिला अस्पताल में हर महीने करीब 1500 मरीजों का एचआईवी जांच किया गया जाता है। जिला अस्पताल में 3 महीने से रैपिड टेस्ट किट की सप्लाई नहीं है। एचआईवी जांच जिला अस्पताल के अलावा जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में की जाती है। लेकिन रैपिड किट उपलब्ध नहीं होने के चलते केवल सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में ही जांच की जा रही है। जबकि प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में किट उपलब्ध नहीं है। ऐसे में केस को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों या जिला अस्पताल में जांच के लिए भेजा जाता है।


अन्य पोस्ट