महासमुन्द

अलग-अलग सडक़ हादसे में 2 की मौत
08-Apr-2025 4:02 PM
 अलग-अलग सडक़  हादसे में 2 की मौत

महासमुंद, 8 अप्रैल। शनिवार की शाम 6 से 7 बजे के बीच दो अलग-अलग सडक़ हादसों में 2 युवकों की मौत हो गई। दोनों घटनाएं अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई है। 
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पहला मामला कोतवाली क्षेत्र के एनएच.53 कर्नेल ढाबा के पास की है। जहां ग्राम कांपा निवासी लक्ष्मण खंडेलवाल नदी चौक ग्राम घोड़ारी स्थित पत्थर खदान में मजदूरी लेने घोड़ारी आया था। शाम लगभग 6 बजे मजदूरी लेकर वापस अपने मोटर सायकल सीजी 06 सीजेड 8142 से कांपा जा रहा था।

एनएच-53 स्थित कर्नेल ढाबा के पास पहुंचा था कि उसी समय बरबसपुर की ओर से विपरित दिशा से आ रही मोटर सायकल क्रमांक सीजी 06 सीजेड 3853 के चालक ने वाहन को तेज व लापरवाही पूर्वक चलाते हुए लक्ष्मण की बाइक को सामने से ठोकर मार दी।

इस हादसे से लक्ष्मण को सिर, कंधा,कमर एवं बांया पैर में गंभीर चोट लगने के कारण घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई लखनलाल खंडेलवाल की रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के विरूद्ध 106-1 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया है। एक अन्य दुर्घटना पटेवा थाना क्षेत्र के एनएच 53 रोड स्थित पीर बाबा के सामने ग्राम नवागांव के पास हुई। जिसमें ग्राम चिरको निवासी युवक की मौत हो गई।

 


 

पटेवा पुलिस के अनुसार ग्राम चिरको निवासी नेमीचंद साहू करणी कृपा पावर प्लांट तुमगांव से काम कर वापस घर चिरको जाने निकला था। छछान माता पहाड़ी के पास ग्राम चिरको के दो युवकों से नेमीचंद की मुलाकात शाम 6.45 बजे हुई। पश्चात तीनों अपने अपने मोटर सायकल से चिरको जाने निकले। तभी नवागांव मोड़ के पास पीछे से आ रही मोटर सायकल सीजी 23 एन 4520 के चालक द्वारा अपने वाहन को तेज एवं लापरवही पूर्वक चलाते हुए नेमीचंद के मोटर सायकल सीजी 06 जीके 5266 को पीछे से ठोकर मारकर एक्सीडेंट कर दिया। जिससे नेमीचंद को सिर एवं शरीर के अन्य जगह गंभीर चोटें आई। 

घायल युवक को उसके साथियों ने उपचार हेतु तुमगांव सीएचसी पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने परीक्षण उपरांत मृत घोषित कर दिया। मामले में पटेवा पुलिस ने आरोपी के विरूद्ध 106-1 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है।


अन्य पोस्ट