महासमुन्द

राम नवमी के अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकली
08-Apr-2025 3:14 PM
राम नवमी के अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकली

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बागबाहरा, 8 अप्रैल।  रामनवमी को लेकर समूचा क्षेत्र राममय हो उठा है। रविवार को शहर से लेकर गांव तक जय श्रीराम के नारे से गुंजायमान हो उठा।  इधर रामनवमी को लेकर सुबह से ही शहर के मुख्य मार्ग पर स्थित दुर्गा मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। यहां श्रद्धालुओं की लंबी कतार लग गई।  शाम  को राम नवमी के अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकली, जिसमें में लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा।

केसरिया साफा और केसरिया झंडा थामे लोग इस शोभायात्रा की शान नजर आ रहे थे। इस शोभायात्रा के पूर्व शहर के मध्य स्थित दुर्गा माता मंदिर से बाईक रैली के माध्यम से की गई, यह बाइक रैली कुछ ही घंटे में हजारों की संख्या में तब्दील होकर भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव मनाने इस विशाल शोभा यात्रा में शामिल हुए। इस शोभायात्रा में डीजे की धुन पर जय श्रीराम के नारों का उद्घोष हुआ। तो वहीं धुमाल के ताल पर लोग अपने कदम थिरकाने से न रोक सके। इस कार्यक्रम में भारी आतिशबाजी से आसमान जगमगा उठा जिसने लोगों का मन मोह लिया। शोभायात्रा के मद्देनजर स्वयं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन की टीम भी पूरी तरह से मुस्तैद थी। रामनवमी के इस शोभायात्रा में डीजे, धुमाल एवं झांकियों को देख सभी श्रद्धालु मंत्रमुग्ध से हो गए। उसके बाद से  लोग डीजे की धुन पर भजनों पर नाचते गाते भगवान श्री राम के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे और चारों तरफ भगवान श्री राम के जयघोष के साथ- साथ,जय-जय श्री राम के नारो, जयकारों से पूरा नगर गुंजायमान हो गया।

रैली में भगवान राम, लक्ष्मण, जानकी सहित कई तरह की सजीव झांकियां साथ चल रही थी। वहीं बैंड बाजे और डीजे की धुनों पर सफेद वस्त्रों में भगवा साफा धारण किए युवा झूमते नाचते चल रहे थे। वहीं हनुमान भी आकर्षण का केंद्र बना रहा।  बड़ी संख्या में भगवाधारी रामभक्त श्रीराम के जयकारे के साथ चल रहे थे। घर-घर भगवा छाएगा, रामराज फिर आएगा के गीत पर श्रद्धालु झूमते नजर आए।  सैंकड़ों बाइक पर सवार रामलला के भक्त भगवा ध्वज लहराते हुए नगर भ्रमण किया।

 

 रामनवमी के पावन अवसर पर समूचा नगर स्वस्फूर्त दुर्गा मंदिर पर पहुँचने लगे और इस विशाल शोभायात्रा के साक्षी बने।  युवाओं ने जय श्री राम के नारे लगाते हुए विशाल भगवा झंडे लहराकर माहौल को भगवामय बना दिया। इस पूरे कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य रूप से भगवान श्री राम की महाआरती से की गई। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ दीप प्रज्वलित कर प्रभु श्री राम की महाआरती की गई साथ ही साथ अक्षतपुष्प अर्पित कर इस दिव्य व अलौकिक शोभायात्रा की शुरुआत की गई।  नगर भर के श्रद्धालुगण इस आरती में शामिल हुए।

सिख समाज ने रामभक्तों को कराया भोजन, स्वागोत्सुक बने नगरवासी- इस भव्य शोभा यात्रा का स्वागत  के लिए  नगर के विभिन्न समाज स्वागोत्सुक बने व शोभायात्रा में सम्मिलित लोगों का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। जगह-जगह पर जलपान की भी व्यवस्था की गई थी। 

रामराज परिवार की ओर से निकाली गई शोभायात्रा दुर्गा मंदिर से शुरू हुई जो शहर के  मुख्य मार्ग से होते हुए गुरुद्वारा पहुंची। जहां समापन पर सिख समाज ने शोभायात्रा में  शामिल सभी रामभक्तों को भोजन कराया।


अन्य पोस्ट