महासमुन्द
शिक्षिका की अनुपस्थिति अवधि का हुआ वेतन भुगतान, डीपीआई रायपुर को भेजा प्रतिवेदन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,7अप्रैल। बीईओ कार्यालय पिथौरा में एक शिक्षिका के अनुपस्थिति अवधि का भी वेतन भुगतान कर दिया गया है। जिसकी शिकायत की गई थी। इस मामले की जांच में संभागीय संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग ने कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा करके जांच प्रतिवेदन संचालक लोक शिक्षण संचालनालय को भेज दिया है।
इसके लिए आरटीआई कार्यकर्ता विनोद कुमार दास ने सूचना आवेदन लगाकर समस्त दस्तावेज प्राप्त किया। इसके बाद वित्तीय अनियमितता की आशंका होने पर साक्ष्य सहित लिखित शिकायत की थी। मालूम हो कि शासकीय प्राथमिक शाला भगतदेवरी में शोभा बरिहा पदस्थ थीं। जिसे जिला शिक्षा अधिकारी महासमुंद के आदेश से 07 जुलाई 2022 को मूल शाला भगतदेवरी से शासकीय प्राथमिक शाला कमारडेरा एच बागबाहरा में शैक्षणिक व्यवस्था किया गया। लेकिन शासकीय प्राथमिक शाला सुअरमार में शिक्षक की कमी होने के कारण इनका वैकल्पिक अध्यापन व्यवस्था बागबाहरा बीईओ ने किया। इस तरह शोभा बरिहा को बागबाहरा बीईओ ने 13 जुलाई 2023 को अध्यापन व्यवस्था को निरस्त करके कार्यमुक्त कर दिया।
श्रीमती बरिहा को बीईओ कार्यालय बागबाहरा से कार्यमुक्ति आदेश पाने के बाद मूल शाला भगतदेवरी में पहुंच करके उपस्थिति देना था। लेकिन इन्होने मूल शाला में उपस्थिति नहीं दी। बल्कि अनुपस्थिति अवधि में भी शोभा बरिहा ने बीईओ और लिपिक से मिलीभगत करके वेतन ले लिया।
शिकायत में जांचकर्ता अधिकारी ने जांच में पाया कि कमलेश कुमार ठाकुर बीईओ पिथौरा ने शोभा बरिहा का अनुपस्थिति अवधि का भी नियम विपरीत तरीके से वेतन भुगतान किया है। जो वित्तीय अनियमितता की श्रेणी में आता है। इन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी महासमुंद को भी इस संबंध में किसी प्रकार की सूचना नहीं दी है। जो बीईओ एवं लिपिक की स्वेच्छाचारिता एवं लापरवाही को प्रदर्शित करता है। डीईओ महासमुंद कार्यालय से प्रतिवेदन पाने के बाद संभागीय संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग रायपुर ने इस प्रकरण में समक्ष सुनवाई किया। अंकेक्षण दल द्वारा भी जांच करवाई गई। इस जांच में भी शिकायत सहीं पाया गया है।