महासमुन्द
महासमुंद, 5 अप्रैल। लोकसभा में बुधवार को वक्फ संशोधन बिल पारित हुआ। इसके बाद वक्फ संशोधन बिल गुरुवार को राज्यसभा में भी पारित हो गया। इस पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि यह संशोधन वक्फ संपत्तियों के प्रबंधन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। जारी प्रेस विज्ञप्ति में विधायक श्री सिन्हा ने कहा है कि प्रस्तावित कानून मुसलमानों के खिलाफ नहीं है। इसका उद्देश्य वक्फ संपत्तियों के कामकाज में सुधार, पारदर्शिता और तकनीक आधारित प्रबंधन है। विपक्ष का काम भ्रम फैलाने का है। संसद ने वक्फ संशोधन विधेयक 2025 को स्वीकृति देकर वर्षों से चले आ रहे अन्याय और भ्रष्टाचार के युग का अंत किया है। इस विधेयक के माध्यम से वक्फ बोर्ड और वक्फ संपत्तियां अधिक जवाबदेह, पारदर्शी और न्यायसंगत होने वाली हैं। यह बिल करोड़ों लोगों को न्याय देने वाला है। इससे निश्चित ही मुस्लिम समुदाय के गरीबों, महिलाओं और बच्चों को लाभ मिलेगा।