महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 5 अप्रैल। हाथी भ्रमण क्षेत्र होने से गोंड़ गुफा जाने के लिए बोरिद से गुफा मार्ग बंद किया गया है। इसके अलावा बरबसपुर मार्ग से भी आना-जाना बंद है व सूचना पटल रास्तों में टांगा गया है।
प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी जय सिंघा धुर्वा सेवा समिति द्वारा चैत्र नवरात्र पर गोंडवाना के ऐतिहासिक गढ़ किला जय चांदा दाई प्राचीन गोंड़ गुफा में परम्परागत रूप से गोंडी रीति नीति संस्कृति आधारित पूजा-अर्चना कर मनोकामना ज्योति प्रज्वलित की गई है।
इस वर्ष भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु गुफा में माता के दर्शन के लिए छत्तीसगढ़ राज्य सहित अन्य राज्य से पहुंच रहे थे, परन्तु इस वर्ष भी हाथी विचरण क्षेत्र होने के कारण बोरिद से गुफा मार्ग को समिति की ओर से पूर्णत: बंद किया गया है, इसके अलावा बरबसपुर मार्ग से भी आना-जाना बंद है व सूचना पटल रास्तों में टांगा गया है।
मन्दिर समिति द्वारा श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि हाथी विचरण क्षेत्र होने के कारण श्रद्धालु समय को ध्यान में रखते हुए सुबह 8 बजे के बाद एवं शाम 4 बजे तक प्रवेश करेंगे व रवान, रायतुम मार्ग से ही गुफा पहुंचना है।
गुफा में जाने से पहले गाड़ी/आदमी की संख्या/आने वाले दिन की जानकारी समिति के सदस्यों को बताकर प्रवेश करेंगे। ताकि हाथी विचरण करने कि जानकारी बताई जा सके।