महासमुन्द
महासमुंद, 5 अप्रैल। कल दोपहर पिथौरा चौराहे के आगे एनएच 353 में फैमिली ढाबा के सामने ओडिशा से रायपुर जा रहे एलपीजी टैंकर की चपेट में आकर बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी मामूली घायल हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त घटना शुक्रवार दोपहर लगभग डेढ़ बजे की है। उस समय ग्राम भलेसर निवासी संजय चन्द्राकर पिता पुरूषोत्तम चन्द्राकर अपने साथ कपूर सिंग पिता बुनु राम ग्राम खैरट कला के साथ यहां बैंक के काम से आया था। उस समय दोनों बैंक से फैमिली ढाबा खाना खाने के बाद अपनी बाइक एचएफ डीलक्स सीजी 06 एचए 0914 से आ रहे थे। तभी ओडिशा से रायपुर जा रहे एलपीजी से भरे टैंकर क्रमांक सीजी 07 बी 0905 की चपेट में आ गये। दुर्घटना में संजय की मौके पर मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार शव को पोस्टमार्टम पश्चात परिजनों को सौंप दिया गया है। ट्रक चालक के खिलाफ मामला पंजीबद्ध किया गया है।