महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,5 अप्रैल। महानदी के रेत घाटों में अवैध रेत उत्खनन दिनों-दिन बेलगाम होता जा रहा है। प्रशासनिक सख्ती के अभाव में रोजाना सैकड़ों ट्रकें महासमुंद से रेत लेकर रायपुर, दुर्ग, भिलाई समेत प्रदेश के अनेक शहरों तक पहुंचा रहे हैं। इस गैरकानूनी खेल में रुपए पैसे की हिस्सेदारी को लेकर अब विवाद और मारपीट तक की नौबत आ रही है। गुरुवार को गढ़सिवनी के बाजार चौक में इसी मामले से जुड़े दो समूहों के बीच बलवा हो गया। इसमें कुछ ग्रामीणों को चोटें आयी है। पुलिस ने दोनों पक्षों के 20 लोगों के विरूद्ध विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।
ज्ञात हो कि बीते 3 अप्रैल को बाजार चौक गढ़सिवनी में पूर्वान्ह 11.30 बजे अवैध रेत खदान संचालन को लेकर ग्रामीणों की बैठक हुई। बैठक में दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। जिसमें कुछ लोग घायल हो गये।
गेंदलाल पुष्पाकर ने पुलिस को बताया कि गांव के कुछ लोग अवैध रेत खदान चला रहे हैं। इस विषय पर बैठक में चर्चा चल रही थी। तभी राजेश साहू, रवि सोनकर, पोखन साहू आदि आपस में भिड़ गये।
कल ग्राम पंचायत खमतराई में महानदी के भीतर अवैध रेत उत्खनन करते पाये जाने पर 1 चेन माउंटेड मशीन क्रमांक.सीयू.एसपी 41.60140 को जब्त कर तुमगांव थाने में रखा गया है। इसके मालिक का नाम सुनील कुमार ध्रुव का बताया गया है। दो दिन पूर्व फर्शी पत्थर व चूना पत्थर से भरी 1 ट्रक व 1 हाईवा को अवैध परिवहन करते पकड़ा गया था,
ज्ञात हो कि जिले में वैसे तो कानूनी तौर-तरीकों से चल रही दो रेत खदानों के अलावा केडियाडीह, सेनकपाट, खड़सा, मोहकम, खमतराई, पीढ़ी आदि खदानों में नियम.कानूनों को ताक पर रखकर रेत का उत्खनन व परिवहन किया जा रहा है। एक दिन में ज्यादा से ज्यादा ट्रकें, डम्पर भरकर भेजने की कोशिश की जाती है। इसके लिये दिन तो दिन रात में भी मशीनों का उपयोग कर नदी को गहरा किया जा रहा है।
रेत व्यवसाय की जानकारी रखने वालों के अनुसार एक-एक खदान से 24 घंटे में 100-150 ट्रकें व डम्परों में भरकर रेत निकाल कर भेजी जाती है। कुछ खदानों में स्थानीय स्तर पर मिली भगत और अधिकारियों की सुस्ती के चलते बेरोक-टोक सैकड़ों ट्रकें, डम्पर रेत पार कराई जा रही है।
कुछ रेत घाटों में ट्रकें डम्पर एनएच 53 महानदी पुल से होकर उक्त घाटों तक पहुंच रही हैं। लेकिन इस रास्ते से लौटने के बजाय महानदी के भीतर बने रैंप से होकर आरंग की ओर से निकल जाती है।