महासमुन्द
अकेले पिथौरा क्षेत्र के लगभग आधा दर्जन सचिवों को प्रभार नहीं सौंपने के कारण उन पर कर्रवाई नोटिस दी गई थी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 4 अप्रैल। जिले के सराईपाली जनपद पंचायत में पदस्थ एक पंचायत सचिव नरेंद्र वैष्णव के विरुद्ध पांच ग्राम पंचायतों के सचिव सरपंचों को प्रभार नहीं सौंप कर लाखों का गबन करने के आरोप विभागीय जांच में प्रमाणित हुआ है। इसके बाद भी आरोपी को अब तक न तो निलम्बित किया गया और न ही कोई पुलिस रपट ही दर्ज कराई गई है। जिला पंचायत की यह कार्रवाई अब सवालों के घेरे में है।
गौरतलब है कि किसी एक ग्राम पंचायत के सचिव द्वारा अपने स्थानांतरण के बाद प्रभार नहीं देने पर अफसरों द्वारा निलम्बन, वेतन रोकने या वेतनवृद्धि रोकने जैसी कार्रवाई की जाती रही है। परन्तु पंचायत सचिव नरेंद्र वैष्णव को अपने सेवाकाल से अब तक किसी भी ग्राम पंचायत में पदस्थापना एवम वहां से स्थानांतरण के बाद अपना सम्पूर्ण प्रभार अपने स्थान पर आने वाले सचिव को नहीं दिया गया है। हालात यह है कि जिले के अन्य सचिव भी इस सचिव के नक्शे कदम चलते हुए प्रभार सौंपने में आनाकानी कर रहे हैं।
अकेले पिथौरा क्षेत्र के लगभग आधा दर्जन सचिवों को प्रभार नहीं सौंपने के कारण उन पर कर्रवाई नोटिस दी गई है। परन्तु जिला पंचायत द्वारा पांच ग्राम पंचायतों में प्रभार नहीं सौंपने की पुष्टि विभागीय जांच में होने के बाद भी सचिव को निलंबित तक नहीं किया गया है।
सचिव नरेंद्र वैष्णव द्वारा प्रभार नहीं देने के पांच प्रकरणों में जिला सीईओ द्वारा विभागीय जांच हेतु पंचायत विभाग की उपसंचालक दीप्ति साहू के नेतृत्व में विभागीय जांच टीम बना कर जांच का जिम्मा सौंपा था।
सूचना के अधिकार के तहत प्राप्त दस्तावेज के अनुसार जांच के बाद अंतिम निष्कर्ष में उपसंचालक ने अपनी रिपोर्ट में लिखा है कि प्रकरण के अभिलेख, दस्तावेज एवं साक्ष्यों के बयान के अनुसार नरेन्द्र वैष्णव तात्कालीन ग्राम पंचायत सचिव लहरौद जनपद पंचायत पिथौरा द्वारा सचिव कोमल प्रसाद साहू को ग्राम पंचायत लहरौद के संपूर्ण अभिलेखों का प्रभार नहीं सौंपा गया। जबकि नरेन्द्र वैष्णव ने ग्राम पंचायत लहरौद के पूर्व सचिव आरती पटेल से ग्राम पंचायत का संपूर्ण प्रभार प्राप्त किया था। प्रभार प्रतिवेदन में नरेन्द्र वैष्णव के हस्ताक्षर हैं। ग्राम पंचायत प्रभार लहरौद के सचिव की चल संपत्ति के रूप में टेबल,कुर्सी, सबमर्सिबल पंप, हेड पंप, सामग्री, लैपटॉप, कम्प्यूटर को प्रभार में नहीं सौंपा गया। प्रभार प्रतिवेदन एवं साक्ष्य पंचों के बयान से इनकी पुष्टि हुई है। ग्राम पंचायत बिजेमाल के सचिव सुखसागर जगत को ग्राम पंचायत बिजेमाल के व्यय प्रमाणक एवं वर्ष 2019-20 के रोकड़ बही एवं व्हाउचर फाईल तथा 15वें वित्त मद का कैशबुक, पासबुक, व्हाउचर तथा वर्ष 2020-21 की बैठक कार्रवाई पंजी प्रभार नहीं दिया गया।
उपर्युक्त अभिलेख प्राप्त न होने के संबंध में सुखसागर जगत सचिव द्वारा ग्राम पंचायत बिजेमाल ने जनपद पंचायत पिथौरा एवं जिला पंचायत महासमुंद को प्रेषित पत्र की छायाप्रति में लिखा है कि ग्राम पंचायत बडेटेमरी एवं नयापाराकला में सचिवों को प्रभार नहीं सौंपा गया और नरेन्द्र वैष्णव पूर्व सचिव ग्राम पंचायत लहरौद ने प्रभार सौंपंने संबंधी आदेश निर्देश का अवहेलना की है। नरेन्द्र वैष्णव सचिव पर लगाए गए आरोप क्रमांक 1, 2, 3,4 एवं 5 प्रमाणित पाए गए। अत: उनके विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई किया जाना प्रस्तावित है। इस मामले में अब जिले के कलेक्टर ने संज्ञान लेकर मामले की उचित जांच कार्रवाई की बात कही है।