महासमुन्द
बकाया बिल का भुगतान नहीं करने पर लाइन काटने की धमकी देते थे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 4 अप्रैल। महासमुंद में बिजली विभाग का कर्मचारी बनकर लोगों से ठगी करने वाले 3 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ये आरोपी ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली विभाग के कर्मचारी बनकर लोगों को बकाया बिल का भुगतान नहीं करने पर लाइन काटने की धमकी देते थे। वहीं बिजली बिल पटाने के नाम पर एक हजार से लेकर 15 हजार तक कि रकम लेकर रसीद कार्यालय से लेने के बात कर नौ दो ग्यारह हो जाते थे। महासमुंद क्षेत्र के दर्जनों गांव में जब इस तरह की घटना लगातार होने लगी तब लोगों ने बिजली विभाग में इसकी तफ्तीश की तो पूरा माजरा सामने आया।
इसके बाद बिजली विभाग के कनिष्ठ यंत्री पीआर वर्मा ने ग्राम केशवा, साल्हेभांठा, शेर, मोरधा, कनेकेरा, पचेड़़ा और धनसुली के 16 लोगों से 75 हजार की ठगी की बात सामने आने पर थाना कोतवाली में दर्ज कराया। शिकायत के बाद कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के द्वारा जिस मोबाइल नंबर का इस्तेमाल किया जाता था, उसे ट्रेस कर मुख्य आरोपी के साथ दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया है। जिनका नाम लेखन निर्मलकर फिंगेश्वर, गणेश भोई और सुमन धीवर महासमुंद है। मामले में कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधडी की धारा 318-4, 319-2 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही आरोपियों से पूछताछ की जा रही है कि वे और कितने ग्रामीण से इस तरह की ठगी की घटना को अंजाम दे चुके हैं।
आरोपियों ने शेर गांव में 2,500 तीरथ यादव मोरधा से,1000 दयालूराम निषाद कनेकरा, 3000 रुपए पटेल, 3500 रुपए संतोष साहू शेर से, 1500 दिलीप पटेल शेर से, 5500 रेखराम साहू शेर, 2500 रुपए रामलाल चक्रधारी पचेड़ा, 3000 जोधन पचेडा, 4000 रुपए आसकुमार दीवान से, 5 हजार 500 रुपए ग्राम धनसुली के तीन उपभोक्ताओं से (प्रत्येक से 5000-5000 रुपए) कुल 15 हजार रुपए समेत कुल 75 हजार रुपए की वसूली की थी। मामले में कोतवाली थाने में अज्ञात अन्य आरोपियों के खिलाफ धारा 318-4, 319 -2, बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।
बता दें कि विद्युत मंडल द्वारा कोई माह भर से बकायादारों के विरुद्ध लाइन विच्छेद की कार्रवाई की जा रही है। लगभग सभी ब्लाकों में यह कार्रवाई लगातार चल रही है। इसी का फायदा उठाते हुए आरोपियों ने लोगों को धमकी देकर अपनी अवैध दुकानदारी शुरू कर दी। बिजली विभाग ने अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति को बकाया बिल की राशि ना देवें।