महासमुन्द

पीसीए के अध्यक्ष बने दुलीकेशन, संरक्षक देवेश निषाद
03-Apr-2025 4:43 PM
पीसीए  के अध्यक्ष बने दुलीकेशन, संरक्षक देवेश निषाद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
पिथौरा, 3 अप्रैल।
नगर में खेलों के प्रति बढ़ते उत्साह को देखते हुए आज पिथौरा रेस्ट हाउस में पिथौरा क्रिकेट अकादमी की एक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सर्वसम्मति से दुलीकेशन साहू को पिथौरा क्रिकेट अकादमी का अध्यक्ष चुना गया। साथ ही, उपाध्यक्ष पद के लिए राजेश चौधरी एवं विजय गौतम को जिम्मेदारी दी गई, जबकि कौशल दास मानिकपुरी को सचिव और सुनील यादव को सह-सचिव नियुक्त किया गया। कोषाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दुर्गेश सोनी को सौंपी गई।

बैठक के दौरान यह निर्णय लिया गया कि पिथौरा क्रिकेट अकादमी पूरी तरह से क्रिकेट एवं अन्य खेलों को बढ़ावा देने के लिए समर्पित रहेगी।
ज्ञात हो कि पिथौरा शहर न केवल महासमुंद जिले बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ में क्रिकेट आयोजनों के लिए प्रसिद्ध है। यहां आयोजित प्रतियोगिताएं खिलाडिय़ों को बेहतर मंच प्रदान करती हैं, जिससे उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलता है।

नवनियुक्त क्रिकेट अकादमी द्वारा युवाओं को प्रशिक्षण देने के लिए कोच की नियुक्ति भी की गई। इसकी जिम्मेदारी राजेश चौधरी, सुनील सोनी और विजय गौतम को दी गई, जो युवा क्रिकेटरों को खेल की बारीकियां सिखाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।


अन्य पोस्ट