महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 अप्रैल। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवात का असर कल से जिला मुख्यालय सहित आसपास के ब्लाकों में भी देखा जा रहा है। चक्रवात के चलते कल दिनभर उमस भरी तथा सर्द हवाएं चलती रही। आज भी यही हालात हैं। मौसम विभाग आगामी 2 दिनों में अब बारिश तथा अंधड़ की संभावनाएं बता रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार 2 और 3 अप्रैल को जिले के कुछ स्थानों में गरज-चमक के साथ तेज आंधी चलने, वज्रपात होने और ओलावृष्टि की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान में 04 अप्रैल तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि अगले 24 घंटों में तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा। लेकिन इसके बाद तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। यहां पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम शुष्क रहा। अब मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम की अनिश्चितताओं को ध्यान में रखते हुए सावधानी बरतने की अपील की है। विशेषकर किसानों को सलाह दी गई है कि वे अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाएं। साथ ही वज्रपात से बचने के लिए खुले स्थानों पर जाने से बचें।