महासमुन्द

महासमुंद जिला अस्पताल में बर्न यूनिट नहीं, जल चुके मरीजों को रायपुर रेफर कर दिया जाता है
03-Apr-2025 2:20 PM
महासमुंद जिला अस्पताल में बर्न यूनिट नहीं, जल चुके मरीजों को रायपुर रेफर कर दिया जाता है

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 3 अप्रैल। शहर सहित जिले भर में लगातार आगजनी की घटनाएं घट रही है। बीते कुछ साल में आगजनी की घटनाओं में इजाफा हुआ है। फिलहाल महासमुंद जिला अस्पताल में बर्न यूनिट नहीं है। लिहाजा जले हुए मरीजों को यहां से रायपुर भेज दिया जाता है।

जानकारी के मुताबिक कौवांझर स्थित करणी कृपा प्लांट में हाल में ही गर्म पानी से झुलसे लोगों को यहां इसलिए भर्ती नहीं किया जा सका, क्योंकि यहां बर्न यूनिट नहीं है। इसी प्लांट में पूर्व में 4 लोग झुलसे थे। इसके अलावा बिरकोनी के ऑयल प्लांट में भी 6 लोग गर्म भाप से झुलसे थे। इनमें से 4 लोगों की मौत हो गई थी। इसी तरह ग्राम शेर में कुछ साल पूर्व चिमनी धसकने से नीचे गर्म मलबे में दबने से 3 लोगों की मौत हुई थी। इसके अलावा पिटियाझर के एक इलेक्ट्रॉनिक गोदाम में आगजनी से एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत हुई थी। ऐेसे सभी मरीजों को राजधानी रेफर करने के अलावा जिला अस्पताल के पास कोई विकल्प नहीं है। ऐसे में महासमुंद जिले में तत्काल उपचार नहीं मिलने की स्थिति में मरीज रायपुर पहुंचने से पहले ही दम तोड़ देते हैं। या फिर अग्नि पीडि़त मरीजों की हालत इतनी खराब हो जाती है कि बाद में रायपुर अस्पताल के चिकित्सक भी उसे भर्ती करने में हिचकिचाते हैं। मालूम हो कि विशेष बर्न यूनिट वार्ड में आगजनी की घटना के शिकार हुए गंभीर मरीजों को भी इसका लाभ मिलता है। इस वार्ड के लिए विशेष प्रशिक्षित स्टाफ के साथ बैक्टीरिया फ्री एरिया व अन्य विशेष सुविधाओं से लैस होता है। चूंकि आगजनी के शिकार मरीजों को संक्रमण का खतरा ज्यादा होता है। इसलिए बैक्टीरिया फ्र ी एरिया में ही इलाज किया जाता है। ऐसे में मेडिसिन विभाग के जनरल वार्ड में गंभीर मरीजों का इलाज कर पाना संभव नहीं होता है। वर्तमान में मेडिसिन वार्ड में ही पर्दे लगाकर मेल व फीमेल वार्ड में मरीज का उपचार किया जाता है।

जिला अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार वर्ष 2020 में यहां बर्न वार्ड की स्थापना की गई थी। लेकिन बाद में इसकी जगह डायलिसिस की स्थापना की गई। इसके बाद से बर्न यूनिट नहीं है। फलस्वरुप जिले भर से आने वाले आगजनी पीडि़त मरीजों को रायपुर रिफर कर दिया जाता है। तब से लेकर अब तक अब तक यहां बर्न वार्ड का अता पता नहीं। अजीब बात यह है कि यहां बकायदा काले अक्षर में आज भी बर्न वार्ड लिखा गया है। जिसे डायलिसिस की स्थापना के बाद भी नहीं मिटाया गया है। ऐसे में लोगों को यह लगता है कि यहां बर्न यूनिट की सुविधा भी है। लेकिन दुर्भाग्य है कि इंड्रस्टियल क्षेत्र होने के बाद भी यहां बर्न पीडि़तों को सीधे राजधानी ही रिफर करना पड़ता है।  मालूम हो कि महासमुंद जिले में अनेक बड़ी इंडस्ट्रीज हैं और जिले में बर्निंग के मामले बढ़े हैं। मेडिकल कॉलेज के अधिग्रहण से पहले ही बर्न यूनिट वार्ड का निर्माण किया गया था। यह यूनिट लगभग 10 बेड का था। जिसमें बर्न केसेस से संबंधित सभी सुविधाएं थीं। इसे तत्कालीन परिस्थितियों को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने डायलिसिस सेंटर में तब्दील कर दिया गया था। यह यूनिट लगभग 10 बेड का था जिसमें बर्न केसेस से संबंधित सभी सुविधाएं थीं।

 

इसे तत्कालीन परिस्थितियों को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने डायलिसिस सेंटर में तब्दील कर दिया गया था।

 डॉ. निखिल गोस्वामी अस्पताल सलाहकार मेकाहाम, महासमुंद का कहना है कि यहां क्रिटिकल केयर ब्लॉक में इसकी सुविधा मिल सकेगी। महज साल भर में यह ब्लॉक बन कर तैयार हो जाएगा। 2020 में बर्न यूनिट वार्ड तैयार किया गया था। राष्ट्रीय योजना के तहत डायलिसिस सेंटर शुरू करने के निर्देश पर विकल्प के तौर पर बर्न यूनिट को डायलिसिस सेंटर में तब्दील करने के लिए राज्य से अनुमति ली गई थी। सुविधाएं धीरे-धीरे बढ़ाई जा रही है।


अन्य पोस्ट