महासमुन्द

महासमुंद रेल्वे प्राथमिक चिकित्सालय में 2 साल से एक फार्मासिस्ट, एक अटेंडेंट, एक क्लीनर के भरोसे
02-Apr-2025 3:48 PM
महासमुंद रेल्वे प्राथमिक चिकित्सालय में 2 साल से एक फार्मासिस्ट, एक अटेंडेंट, एक क्लीनर के भरोसे

मौसमी बीमारियों तक के लिये भी दवाएं रेल्वे कर्मी और उनके परिजनों को नहीं मिल पाती

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 2 अप्रैल।
महासमुंद जिला मुख्यालय रेल्वे कॉलोनी स्थित रेल्वे प्राथमिक चिकित्सालय में पिछले 2 साल से स्थाई चिकित्सक नहीं है। फलस्वरूप रेल्वे कर्मचारियों को उपचार के लिये परेशानियां जारी है। जैसे-तैसे यहां पिछले 2 साल से ठेका डॉक्टरों से काम चलाया जा रहा था। लेकिन पिछले 4 माह सें ठेका समाप्त होने के बाद जनवरी में ही चिकित्सक यहां से चला गया। अब महज फार्मासिस्ट के भरोसे ही रेल्वे अस्पताल का संचालन हो रहा है। 

वर्तमान में यहां एक फार्मासिस्ट, 1 अटेंडेंट तथा 1 क्लीनर ही अपनी सेवा दे रहे हैं। जबकि डॉक्टर, नर्स तथा ड्रेसर के पद वर्षों से रिक्त हैं। इसमें भी यदि फार्मासिस्ट दवाइयां लाने संबलपुर ओडि़शा चला जाता है तो यहां मौसमी बीमारियों तक के लिये भी दवाएं रेल्वे कर्मी तथा उनके परिजनों को नहीं मिल पाती। लिहाजा रेल्वे कर्मी तथा उनके परिवारों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। 

मिली जानकारी के अनुसार ब्रिटिश जमाने में स्थापित इस अस्पताल में आजादी के बाद सन 1972 से भारतीय चिकित्सक अपनी सेवा दे रहे हैं। 1972 के पूर्व वर्षों तक यह अस्पताल वीरान रहा। लेकिन 1972 से अब तक कुल 16 चिकित्सक अपनी सेवा देकर रिटायर्ड हुए हैं। बताना आवश्यक होगा कि वर्ष 2003 से 2024 तक इस अस्पताल में चिकित्सक नहीं थे। फलस्वरूप यह अस्पताल हमेशा बंद रहता था। 

इस वक्त स्टेशन में प्लेटफार्म की लंबाई बढ़ गई हैं। फुट ओवरब्रिज की ऊंचाई-चौड़ाई भी बढ़ गई। प्लेटफार्म में नए शेड लग गए। डिजिटल डिस्प्ले लग गए। इसी तरह और भी यात्री सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। लेकिन रेलवे कर्मचारियों की बेहतरी के लिए रेल प्रबंधन का जरा भी ध्यान नहीं है। रेल्वे कर्मचारियों के आवास की ओर भी रेल प्रबंधन ध्यान नहीं दे रहा है। तंग मकानों में कर्मचारी परिवार सहित जीवन व्यतित कर रहे हैं। कॉलोनी की जरूरी और बुनियादी सुविधाओं की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है जिससे लोग परेशान हैं।

विभाग के लोग बतते हैं कि वर्ष 2004 में अस्पताल को एक बार फिर से शुरू किया गया। लेकिन परमानेंट चिकित्सक की भर्ती नहीं हुई। अब तक सीएमपी चिकित्सक के भरोसे चलाने का प्रयास किया जा रहा है। अब भी यहां महत्वपूर्ण पदों पर भर्ती की आवश्यकता महसूस की जा रही है। पहले यह अस्पताल बड़ा हुआ करता था। लेकिन इसके आधे भाग को रेस्ट हाउस बना दिया गया है।

रेल्वे कॉलोनी में बच्चों के खेलकूद के लिए उद्यान बनाया गया है। यह उद्यान भी वर्षों पुराना है। बाद से उद्यान की बेहतरी पर ध्यान नहीं दिया गया। यहां खेलकूद के लिए कुछ भी सामान नहीं है। झूला गायब है। फिसलपट्टी बदहाल है। उद्यान में पैदल घूमने के लिए भी जगह नहीं है। हरियाली पूरी तरह से गायब है।

 

 

रेल्वे कर्मचारियों में ट्रेन के पायलट, लोको पायलट, टिकट चेकर, गार्ड तथा फिल्ड विभाग के कर्मचारी हाई ड्यूटी की वजह से स्वयं का तथा अपने परिवार का ध्यान नहीं रख पाते। एक बार रेल्वे की नौकरी लगने के बाद पूरी जिंदगी अधिकांश कर्मचारियों की ट्रेन में ही गुजर जाती है। फलस्वरूप रेल कर्मियों के परिजनों को परेशानी न हो, इसलिए सरकार रेल्वे कॉलोनी के बीच ही अस्पताल खोलती है। रेल्वे में अक्सर अन्यत्र ट्रांसफर होना रहता है। ऐसे में रेलकर्मी तथा उनके परिजनों को अस्पताल ढूंढना ना पड़े, इसलिए रेल्वे का अपना अस्पताल बनाया जाता है। रेल्वे कॉलोनी की बसाहट वर्षों पुरानी है। मकान जर्जर हो चुके हैं जहां कर्मचारी परिवार निवासरत है। रेल्वे विद्युतीकरण का कार्य अभी हो रहा है।

लिहाजा विद्युतीकरण कार्य के कर्मचारियों के लिए अब नए आवास बनाए जा रहे हैं। जबकि पुराने आवासों की दशा सुधारने ध्यान नहीं दिया गया। 
बताया गया है कि यहां 110 आवास हैं। जिसमें 500 लोग रहते हैं। वहीं 20 फीसद रेलवे कर्मचारी आसपास किराए के मकान में निवासरत हैं।


अन्य पोस्ट