महासमुन्द
कभी पुलिस, कभी सीबीआई, कभी कस्टम ऑफि सर बन कर लूटे, अब बच्चों को उत्तीर्ण कराने के तरीके अपना रहे साइबर लुटेरे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 2 अप्रैल। बीते रविवार को साइबर ठगी का एक और तरीका सामने आया है। इस दिन एक कॉलर ने कॉल किया। कहा-हेलो मैं रायपुर बोर्ड ऑफिस से बोल रहा हूं। दूसरी ओर रिसीवर ने कहा-बोलिए क्या बोल रहे हैं। फिर कॉलर बोलता है-आपका पाल्य 10वीं बोर्ड परीक्षा में फेल हो रहा है..यदि खर्चा करेंगे तो पास हो जाएगा। रिसीवर ने कहा-बोलिए कितना पैसा लगेगा? कालर बोलता है-10 हजार रुपए लगेगा। रिसीवर कहता है-जी आप कहां से बोल रहे हैं। कॉलर बोलता है- छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल बोर्ड ऑफिस रायपुर से बोल रहा हूं।
फिर रिसीवर कहता है-क्या आपके यहां बोर्ड परीक्षा का पेपर जंच रहा है? कॉलर ने कहा-जी हां, हमारे यहां जांच हो रहा है।
रिसीवर कहता है-महोदय जी, मैं भी शिक्षा विभाग में था। अभी सेवानिवृत हो चुका हूं। मुझे पता है मूल्यांकन केन्द्रों में ही बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाएं जांचा जाता है। बोर्ड ऑफिस में कोई पेपर जांचा नहीं जाता।
फिर रिसीवर ने कहा-मेरा फ ोन नंबर आपको कहां से मिला। उसने कहा आपका पाल्य इशांक प्रधान पिता दिव्य किशोर प्रधान 10वीं बोर्ड परीक्षा एकलव्य स्कूल अर्जुन्दा में अध्ययरत था। 10 वीं बोर्ड परीक्षा दिया है न। कुछ देर तक बहस करने के बाद उसने फ ोन काट दिया।
यह बातचीत छोटे टेमरी के आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बसना में सेवारत सेवानिवृत्त शिक्षक आर एस प्रधान के साथ की है।
श्री प्रधान का कहना है कि उनका पौत्र एकलव्य विद्यालय अर्जुदा में अध्यनरत है तथा वहां उनका नंबर दिया गया है। साइबर ठग को उसके नाम पिताजी का नाम और मेरा मोबाइल नंबर पता है। इस प्रकार के फ ोन आने के बाद उन्होंने एकलव्य विद्यालय अर्जुदा के प्राचार्य राजेंद्र नायक को फोन पर जानकारी दी। तब प्राचार्य राजेंद्र नायक ने भी बताया कि चार-पांच पालक इस प्रकार के फ ोन आने की जानकारी उन्हें दे चुके हैं। आरएस प्रधान ने बताया कि जिस परीक्षा केंद्र में परीक्षा होती है, उस दिन की उत्तर पुस्तिका छात्रों से प्राप्त करने के बाद उसी दिन उत्तर पुस्तिका में लिखे गए रोल नंबर एवं अन्य जानकारी बोर्ड ऑफिस से मिले स्टीकर से परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने चिपका दिया जाता है। इसके बावजूद छात्र का रोल नंबर नाम,पिता का नाम, फोन नंबर की जानकारी साईबर ठगों को हो जाना तथा इस प्रकार के फ ोन आना और पूरी जानकारी उनको होना अनेक संदेहों को जन्म देता है। जिसकी जांच भी होनी चाहिए।
श्री प्रधान का कहना है कि इस तरह से बोर्ड परीक्षा में परीक्षा देने वाले छात्रों के पालकों को बड़ी तादाद में साईबर ठगों द्वारा फोन आने की जानकारी प्राप्त हो रही है। कुछ लोग उनके चक्कर में आकर फ ोन पे या खाते में रकम ट्रांसफर कर देते होंगे। कभी पुलिस, सीबीआई, कभी कस्टम ऑफिसर बन कर और अब बच्चों को उत्तीर्ण कराने इस तरह से साइबर ठग नए.नए तरीकों से लोगों को लूटने का प्रयास कर रहे हैं। जो चिंता का विषय है।
वैसे माध्यमिक शिक्षा मंडल को भी इस प्रकार के फोन आने की जानकारी प्राप्त होने के बाद 30 मार्च को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर उनके द्वारा लोगों को सतर्क किया जा रहा है। लेकिन माध्यमिक शिक्षा मंडल की जानकारी जिस पालक को किसी भी माध्यम से नहीं हो पाया रहेगा। वह साइबर ठगों के शिकार हो रहे होंगे।