महासमुन्द
महासमुंद, 1अप्रैल। जिले के पटेवा थानांतर्गत ग्राम छिंदौली के एक युवक को अपनी प्रेमिका से रात में मिलने जाना महंगा पड़ गया। इससे नाराज प्रेमिका के भाइयों ने युवक की जमकर पिटाई कर दी। पिटाई से सिहरे युवक ने पटेवा थाने में आप बीती बताते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस डीएसआर से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम छिंदौली थाना पटेवा निवासी भूपेंद्र कुर्रे 28 मार्च 2025 शुक्रवार की रात 9 बजे अपनी प्रेमिका से मिलने ग्राम झलप गया था। रात करीब 9 बजे शीतला मंदिर के सामने वह अपनी प्रेमिका से बातचीत कर रहा था। तभी प्रेमिका के भाई मोतीराम घृतलहरे, ईशु घृतलहरे एवं उसका साथी कृष्णा यादव वहां आया और हमारी बहन से मिलने आया है कहते हुए अश्लील गाली-गलौच कर भूपेंद्र की जमकर पिटाई कर दी। भूपेंद्र ने पुलिस को बताया है कि मोतीराम घृतलहरे ने अपने हाथ में पहने कड़ा से, ईशु घृतलहरे ने डण्डे से तथा कृष्णा यादव ने लोहे के पाईप से उसकी पिटाई की। जिससे भूपेंद्र को पीठ, दोनों पैर, दोनों हाथ, सिर पर चोंटे आई है।
मारपीट के दौरान प्रेमिका भी वहीं खड़ी थी।
प्रार्थी भूपेंद्र कुरें की रिपोर्ट पर पटेवा पुलिस ने आरोपी मोतीराम घृतलहरे, ईशु घृतलहरे, कृष्णा यादव के विरूद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 115-2, 296, 3-5, 351-2 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है।