महासमुन्द

4 दावेदारों में फंसा महासमुंद जिला कांग्रेसाध्यक्ष का नाम
01-Apr-2025 3:06 PM
4 दावेदारों में फंसा महासमुंद जिला कांग्रेसाध्यक्ष का नाम

अनुमोदन के लिए दिल्ली गई दूसरी सूची भी अटकी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 1अप्रैल।
महासमुंद जिला कांग्रेस संगठन में फेरबदल की चर्चाओं के बीच अनुमोदन के लिए दिल्ली पहुंची जिलाध्यक्षों की दूसरी सूची भी अटक गई है। नगरीय निकाय चुनाव के पूर्व जिलाध्यक्ष बदले जाने की चर्चा थी। कहा जा रहा है कि अब और इंतजार करना पड़ेगा। यहां से जिलाध्यक्ष पद के लिए डॉ.रश्मि के अलावा 3 और बड़े दावेदार हैं। संगठन आगे क्या निर्णय लेगा, यह तो पता नहीं। सुनने में आया है कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 3 अप्रैल को दिल्ली में छग के जिलाध्यक्षों से चर्चा कर उन्हें संगठन की मजबूती के गुर बताएंगे। इस बैठक में महासमुंद जिलाध्यक्ष डॉ.रश्मि चंद्राकर शामिल होंगी।

चंद दिनों पूर्व राज्य के 14 जिलाध्यक्षों के नामों की घोषणा हुई थी। इसके साथ ही दूसरी सूची शीघ्र आने और उसमें महासमुंद जिलाध्यक्ष का नाम होने की चर्चाओं को बल मिला था। कांग्रेस के शीर्ष नेता फिलहाल 3 अप्रैल को दिल्ली में होने वाली मप्र और छग के जिलाध्यक्षों की बैठक की तैयारी में व्यस्त हैं। बैठक को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल्लकार्जुन खडग़े संबोधित करेंगे। साथ ही जिलाध्यक्षों को संगठन में कसावट लाने तथा मजबूत बनाने के उपाय बतांगे। उसके बाद 8 और 9 अप्रैल को अहमदाबाद गुजरात में होने वाले कांग्रेस सम्मेलन की तैयारी में जुटेंगे।

इसके अलावा दूसरी सूची में अनुमोदन के लिए भेजे गए नामों पर वरिष्ठ नेताओं का द सामंजस्य नहीं बन पाना भी इसके विलंब का एक कारण माना जा रहा है। डा.रश्मि चंद्राकर को जिलाध्यक्ष के पद पर 5 साल हो गए हैं। बीते विधानसभा चुनाव में पार्टी ने उन्हें महासमुंद से टिकट दिया था। उसके बाद से उनकी जगह दूसरा अध्यक्ष बनाने की चर्चा शुरू हुई थी। छग प्रभारी विजय जांगिड़ इसी सिलसिले में पहुंचे थे। तब उनके समक्ष जिलाध्यक्ष पद के दूसरे दावेदारों ने भी दावेदारी पेश की थी। फिर भी अब तक यथास्थिति बनी रही। इसके करीब साल भर बाद हाल ही में नगरीय चुनाव के पहले फिर से इस चर्चा को बल मिला। बीते कार्यकाल में महासमुंद से विधायक रहे विनोद सेवनलाल चंद्राकर, बागबाहरा ब्लाक कांग्रेसाध्यक्ष भूपेंद्र मुंगू ठाकुर के अलावा बागबाहरा के कांग्रेस नेता व पर्यटन मंडल के पूर्व सदस्य अंकित बागबाहरा का नाम शामिल है।
 


अन्य पोस्ट