महासमुन्द
महासमुंद, 1अप्रैल। बीते सप्ताह भर से दंतैल हाथी महासमुंद वन क्षेत्र में विचरण कर रहा है। क्षेत्र के लोग हाथी के डर से दहशत में है। रबी फसल लगाए किसान भारी नुकसान होने से चिंतित हैं। कल सोमवार को वन मंडल महासमुंद के वन परिक्षेत्र महासमुंद में एक दंतैल हाथी के खेतों में घूमने की जानकारी मिली।
डेहराराम यादव वन चौकीदार अनुज कुमार हाथी मित्र दल महासमुंद ने बताया है कि हाथी 30-31 मार्च रात में ग्राम छताल के खेत से निकल कर छताल से अमलोर रोड पर चला गया। इसके बाद हाथी ने फिर वन विकास निगम के कक्ष क्रमांक 179, 175, 181 के जंगल में प्रवेश किया है।
हाथी का वर्तमान लोकेशन कक्ष क्रमांक 175, 181 बताई जा रही है। इस हाथी के कक्ष क्रमांक 174, 173 में आगे बढऩे की संभावना है। जिसके चलते ग्राम बोरिद, अमलोर, चुहरी, पासिद,छताल, मरौद, रायकेरा, सुकुलबाय और नांदबारुद के आस पास के ग्रामीणों के लिए हाई अलर्ट जारी कर सतर्क किया गया है। वन विभाग ने लोगों से हाथी दिखने पर सूचना देने की अपील की है।