महासमुन्द
संबलपुर में हुई रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति की बैठक महासमुंद के प्लेटफार्म 2 में शौचालय की मांग तत्काल मंजूर
पुरी-गांधीधाम, सूरत-पुरी एक्सप्रेस के ठहराव की मांग मुख्यालय को भेजी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,29 मार्च। रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति की प्रथम बैठक बुधवार 26 मार्च 2025 को सम्बलपुर ओडि़शा के निकट डेब्रीगढ़ नामक स्थल पर हुई। अध्यक्षता संबलपुर संभाग के अपर मंडल रेल प्रबंधक आनंद सिंह ने की। श्री सिंह के स्वागत भाषण एवं संभाग की उपलब्धियों की जानकारी के बाद विभिन्न नगरों से आए उपभोक्ता सलाहकार समिति के सदस्यों द्वारा क्रम से अपने सुझाव व प्रस्ताव दिए गए।
इस अवसर पर महासमुंद के पारस चोपड़ा ने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत कार्य की प्रगति पर असंतोष जाहिर किया। जिस पर रेल प्रशासन द्वारा वित्तीय वर्ष 2025.26 तक कार्य पूर्ण किए जाने का विश्वास व्यक्त किया। इसी क्रम में प्लेटफार्म नं.02 में पर्याप्त शौचालय की मांग पर भी रेल प्रशासन द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई। श्री चोपड़ा ने अपनी बात रखते हुए गांधीधाम पुरी गांधीधाम एक्सप्रेस एवं पुरी.सूरत.पुरी एक्सप्रेस के ठहराव का प्रस्ताव भी रखा। जिस पर संभागीय प्रशासन ने रेल मुख्यालय को प्रस्ताव भेजे जान की जानकारी दी।
श्री चोपड़ा ने स्टेशन परिसर में समुचित पार्किंग एवं अवांछित लोगों के प्रवेश पर नियंत्रण की मांग रखी। जिस पर भी सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। महासमुंद से ही लूनकरन जैन ने भी बैठक में भाग लिया। उन्होंने प्लेटफार्म नं. .02 के समतलीकरण, प्लेटफार्म में पशुओं की आवाजाही पर रोक एवं आरक्षण विण्डो का समय रात्रि 8 बजे तक किए जाने का प्रस्ताव रखा। जिस पर तत्काल कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। साथ ही श्री जैन ने एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव यह भी रखा कि ओव्हरब्रिज पर आवागमन एवं निर्गमन द्वार प्लेटफार्म के बाहर भी हो ताकि यात्रियों को राहत मिल सके। कई बार यात्री जब 2 नं. प्लेटफार्म की ओर से एक नं. प्लेटफार्म के बाद टिकट खिडक़ी पर आता है तो उसे बिना टिकट समझा जाता है। बैठक में संबलपुर संभाग के संबंधित अधिकारी भी मौजूद थे। बैठक का संयोजन गरिमा तिवारी वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संबलपुर एवं संयोजक उपभोक्ता सलाहकार समिति ने किया।