महासमुन्द
तपती दुपहरी में हजारों लोगों के लिए बगैर पानी के तीन कूलर गर्म हवाएं फेंकते रहे
भारी अव्यवस्था के बीच एक-एक वेदी पर 2-2, 3-3 जोड़े ने फेरे लिए
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 29 मार्च। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत कल गरीब परिवारों की 160 कन्याओं का सामूहिक विवाह हुआ। स्थानीय संजय कानन में भीषण गर्मी और अव्यवस्थाओं के बीच आहुत इस समारोह के मुख्य अतिथि महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े,विशिष्ट अतिथि प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल,स्थानीय सांसद रूपकुमारी चौधरी, जिले के चारों विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, संपत अग्रवाल, द्वारिकाधीश याादव. चातुरी नंद खए अलावा जिला पंचायत अध्यक्ष और जनपद अध्यक्ष भी इसमें शामिल ही नहीं हुए।
चर्चा रही कि प्रधानमंत्री के छत्तीसगढ़ आगमन को लेकर भाजपा के सभी कद्दावर तैयारी में जुटे हुए हैं। पिछले साल भी कोई मंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में नहीं पहुंचे थे। हालांकि कल इस कार्यक्रम में 160 जोड़ों की शादी विधि विधान से हुई। लेकिन अव्यवस्थाओं का दौर शुरू से आखिरी तक जारी रहा।
आखिरकार अतिथि बनकर जिपं उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर, नपाध्यक्ष निखिलकांत साहू, जिपं सदस्य जागेश्वर जुगनू चंद्राकर,जिला पंचायत सदस्य निधि चंद्राकर,सरपंच तुलेश्वरी ध्रुव, पार्षद धर्मेंद्र चंद्राकर, बड़े मुन्ना देवार, राहुल आवड़े एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद थे। एसडीएम हरिशंकर पैकरा आदि ने नवदंपत्तियों को उपहार भेंटकर सुखी दाम्पत्य जीवन के लिए शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर ने कहा कि निर्धन कन्याओं के लिए मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना वरदान है। यह योजना फिजूल खर्ची एवं दहेज प्रथा जैसे कुरीतियों को समाप्त करने का एक अच्छा माध्यम है। अब ऐसे कन्याओं के माता-पिता को आर्थिक समस्याओं का सामना नहीं करना पड़ रहा।
नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने नवदंपत्तियों को बधाई दी। इस योजना के तहत जिले के 160 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। इसमें पिथौरा विकास खंड एवं महासमुंद ग्रामीण से 30-30 जोड़े एवं सरायपाली, बसना, बागबाहरा एवं महासमुंद शहरों से 25-25 जोड़े शामिल हुए। योजना के तहत गरीब परिवारों की ल
ड़कियों की शादी के लिए राज्य सरकार द्वारा आर्थिक सहायता के रूप में 50 हजार रुपए अनुदान सहायता राशि प्रदान की जाती है। प्रति जोड़ा 50 हजार रुपए का व्यय किया जाता है।
इस कार्यक्रम में वर-वधु के सहयोगी व रिश्तेदार भी सैकड़ों की तादात में पहुंचे थे। इनमें से कइयों को खाना नहीं मिला। पानी नहीं होने से कूलर गर्म हवा फेंकते रहे। वेदियों की संख्या बेहद कम थी। यहां 1-1 वेदी पर 2-2,3-3 जोड़े ने फेरे लिए। साथ में प्रत्येक वर-वधु के परिजन और रिश्तेदार भी अगल-बगल बैठे थे। जगह की कमी के कारण परिक्रमा करने में भी कठिनाई होती रही। इतने बड़े सामूहिक विवाह के आयोजन में गिनती के कूलर थे। जो पानी के अभाव में गर्म हवा फेंक रहे थे। दूल्हा-दुल्हन और परिजन पसीना पोंछते रहे। भोजन और ठंडे पानी की व्यवस्था पर्याप्त नहीं थी। परोसने वाले कम थे। इसलिए भोजन के लिए आपा-धापी की स्थिति रही। 3-4 हजार लोगों के लिए मात्र 2 भोजन काउंटर थे।

