महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,28मार्च। नगर के नयापारा में पुलिस सहायता केंद्र पुन: खोलने वार्डवासियों ने नपाध्यक्ष निखिलकांत साहू को ज्ञापन सौंपा है। बताया कि नयापारा इलाके में नशे का व्यापार जोरों से चल रहा है। नशावृत्ति से अपराध बढ़ रहा है और आए दिन लड़ाई-झगड़े से नागरिक परेशान हो रहे हैं। इसलिए वार्ड क्रमांक 6, 7 व 8 के मध्य स्थित शिव चौक नयापारा में स्थित पुलिस सहायता केंद्र को पुन: खोलने की जरूरत है।
मानव संस्कार सेवा समिति के पदाधिकारियों व तीनों वार्ड के नागरिकों ने नगर पालिका अध्यक्ष श्री साहू को बताया कि शिव चौक स्थित पुलिस सहायता केंद्र विगत कुछ वर्षों से बंद है। वर्तमान में शिव चौक सहित नयापारा स्लम क्षेत्र में नशे का अवैध कारोबार हो रहा है। शराब की अवैध बिक्री, गांजा, नशीली टेबलेट सहित अन्य नशीले पदार्थों की खुलेआम बिक्री नयापारा क्षेत्र में हो रहा है। नशे के चपेट में युवाओं सहित 14-15 साल के किशोर वर्ग के बच्चे भी आ रहे हैं। आए दिन लड़ाई-झगड़े की स्थिति निर्मित हो रही है। महिलाओं, युवतियों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। अत:महिला सुरक्षा को ध्यान मेंंं रखते हुए तत्काल पुलिस सहायता केंद्र को खोलने की आवश्यता है। समिति अध्यक्ष अशोक साहू, सचिव राजू बरिहा ने नपाध्यक्ष को बताया कि इस आशय का एक पत्र पुलिस विभाग को भी दिया गया है। अत: इस दिशा में नपाध्यक्ष से सहयोग की मांग की है। वार्डवासियों की मांग पर पालिकाध्यक्ष श्री साहू ने पुलिस सहायता केंद्र शीघ्र प्रारंभ कराने उचित पहल करने का आश्वासन दिया। स्इस अवसर पर प्रमुख रूप से अशोक साहू, टीकम साहू, मोहन बावनकर,भरत ठाकुर, महिला समूह के सदस्य, नैनू शर्मा, आशा ठाकुर, सुमित यादव, राम बाई, रेशमा साहू, मंजू साहू, श्याम कहार, सुशीला गाड़ा, कुंती साहू, चंद्रकांता, लक्ष्मी साहू सहित बड़ी संख्या में तीनों वार्ड के महिला-पुरुष उपस्थित थे।