महासमुन्द
बच्चों को अपराध व नशे से दूर रहने की सलाह
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
महासमुंद, 27 मार्च। बसना क्षेेत्र के थाना सांकरा के अंतर्गत ग्राम लारीपुर में सामुदायिक पुलिसिंग के तहत हमर पुलिस हमर संग द्वारा कार्यक्रम का आयोजन पुलिस अधीक्षक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के दिशा-निर्देश पर एसडीओपी अजीत ओग्रे व थाना प्रभारी राणा सिंह ठाकुर एवं समस्त स्टॉफ की उपस्थिति में हुआ। इसमें सरहदी ग्राम बड़े लोरम, सिंगारपुर,छोटेलोरम, ढोढकछार, परसवानी, पडकीपाली एवं अन्य माओवाद संवेदनशील ग्राम के ग्रामीण, बुजुर्ग महिला एवं स्कूली बच्चों के लिए खो-खो, कबड्डी, क्रिकेट, जलेबी दौड़, चम्मच दौड़, वालीबॉल का आयोजन किया गया।
ग्रामीणों एवं बच्चों, दिव्यांगों को टी.शर्ट, जैकेट, लोवर, बैट बॉल, स्कूली बैग, पेन, कॉपी, पेंसिल, शील्ड, मेडल, साड़ी, गमछा एवं अन्य सामग्री का उत्साहवर्धन के लिए पुरस्कार स्वरूप वितरण किया गया। थाना प्रभारी राणा सिंह ठाकुर ने बच्चों को कानूनी जानकारी दी। उन्होंने खेल एवं अनुशासन के संबंध में संबोधन दिया व अपराध से तथा नशा से दूर रहने की हिदायत दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अजीत ओग्रे ने कहा कि सायबर क्राइम एवं ऑनलाईन ठगी से बचाव एवं सोशल मिडिया के सुरक्षित उपयोग तथा घरेलू हिंसा, हमर बेटी हमर मान, बाल विवाह एवं नशापान के दुष्प्रभाव के बारे में तथा शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, हेलमेट पहन कर मोटर सायकल चलाने, तीन सवारी बैठकर मोटर सायकल नहीं चलाने एवं यातायात नियमों का पालन करने हेतु अपील किया गया। गांव में थाना प्रभारी का नाम मोबाइल नंबर लिखा हुआ है। यदि गांव में किसी व्यक्ति के द्वारा जुआ, सट्टा खिलाता है तो तथा अवैध शराब बिक्री करता हो या अन्य कोई असामाजिक व्यक्तियों के द्वारा गलत काम करता है जिसकी सूचना देने हेतु अपील की गई।