महासमुन्द
महासमुंद, 26 मार्च। खल्लारी थानांतर्गत ग्राम डुमरडीह में महुआ बीनने की बात पर बेटे ने अपनी मां की डंडे से पिटाई कर दी। पिटाई से मां बेहोश हो गई। जिसे महासमुंद के एक निजी अस्पताल में उपचार हेतु भर्ती कराया गया। उपचार पश्चात मां ने खल्लारी थाने में पुत्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करायी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम डुमरडीह निवासी प्रार्थी लक्ष्मीबाई ठाकुर ने थाने में बताया कि वह ग्राम डुमरडीह में रहती है। उसके 6 बच्चे हैं। सभी का विवाह हो चुका है। जमीन का बंटवारा भी सभी को बराबर कर दिया गया है। वह अपने मंझला पुत्र भगवान सिंग ठाकुर के साथ रहती है। कल 25 मार्च को प्रात: वह महुआ बीनने अपने खेत गई थी। तभी सुबह 8 बजे उसका छोटा पुत्र युवराज ठाकुर आया और मेरे पेड़ के महुआ को क्यों बीन रही हो कहकर हाथ पकड़े लकड़ी के डंडे से अपनी मां प्रार्थियां के साथ मारपीट की तथा दुबारा महुआ बीनने आई तो जान से मार दूंगा कहा। इस मारपीट को देख गांव की एक महिला ने बीच बचाव किया। मारपीट पश्चात वह बेहोश हो गई थी। महासमुंद के एक निजी अस्पताल में दिन भर उपचार पश्चात शाम को उसने खल्लारी थाने में रिपोर्ट दर्ज करायी। पुलिस ने प्रार्थिया की रिपोर्ट पर आरोपी बेटे के विरूद्ध 115-2, 351-2 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है।