महासमुन्द

याद करो कुर्बानी के साथ आस्था की काव्यांजलि
26-Mar-2025 2:39 PM
याद करो कुर्बानी के साथ   आस्था की काव्यांजलि

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,26 मार्च। आस्था साहित्य समिति महासमुंद द्वारा 23 मार्च राजगुरु, सुखदेव एवं भगत सिंह के बलिदान दिवस के अवसर पर साहित्यकार एस. चन्द्रसेन के निवास पर काव्य गोष्ठी का आयोजन कर काव्यांजलि समर्पित की गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में समाज सेवी दाऊलाल चंद्राकर विशिष्ट अतिथि के रूप में के आर. चंद्राकर, पत्रकार उत्तरा विदानी, प्रमोद तिवारी, आनंद तिवारी पौराणिक सहित अन्य साहित्यकार उपस्थित थे।

कार्यक्रम में अध्यक्षता एस श्रीमती चन्द्रसेन ने की। काव्यांजलि अर्पित करते हुए आनंद तिवारी पौराणिक ने कहा कि जब तक नभ सूर्यचन्द्र गंगा में पावन पानी, सुखदेव भगत सिंह, राजगुरु अमर क्रांतिवीर बलिदानी। बन्धु राजेश्वर खरे ने छत्तीसगढ़ी में काव्यपाठ करते हुए कहा कि लक्ष्मी बाई, बोस भगत आजाद के चलिस इही नारा बुढ़वा गांधी बबा के कुबरी लाठी चलिस ये इसारा। साहित्यकार सरिता तिवारी ने वो तो दीवाने थे खुशियों से अंजाने थे गाकर सबको मंत्र मुग्ध कर दिया।

अध्यक्षीय आसंदी से काव्य समर्पित करते हुये श्रीमती एस. चन्द्रसेन ने कहा कि त्याग तपस्या व्रत पूजा मैं उपासना जगराता हूं, स्वतंत्रता  की बलि चढ़े उन रणवीरों की माता हूं। साहित्यकार एवं पत्रकार उत्तरा विदानी ने कहा कि जो चढ़ गये वेदी पर लिये जीवन का मोल..कलम आज उनकी जय बोल। कवियत्री डा. साधना कसार द्वारा काव्यांजलि अर्पित की गई वतन के लिये जो जान हथेली पर रखते हैं.. शाने वतन जाने वतन लोग उन्हें कहते हैं।

 

इस अवसर पर कवि सुरेन्द्र अग्निहोत्री एवं सुजाता विश्वनाथन ने कार्यक्रम को नई ऊंचाईयां दी। देश के खातिर हंसते-हंसते गंवा दी  अपनी जवानी मत भूलो कभी उनको तुम जरा याद करो कुर्बानी। अपने अनूठे अंदाज में कार्यक्रम का संचालन करते हुए साहित्यकार टेकराम सेन  चमक ने पंक्तियां समर्पित करते हुये कहा कि नमन है वीर जवानों तुमको नमन तुम्हारी बलिदानी। याद करो कुर्बानी काव्यांजलि कार्यक्रम में समाज सेवी दाऊलाल चन्द्राकर, प्रमोद तिवारी, एमआर विश्वनाथन, पुष्पा चौहान, शिक्षा विद् केआर चंद्राकर ने कहा कि क्रांतिवीरों के बलिदानों से ही हमने आजादी पाई वीरों ने अपनी बलिदान से आजादी के वृक्ष को सींचकर मजबूती और ताजगी दी है। उक्त जानकारी साहित्यकार टेकराम सेन  चमक ने दी है।


अन्य पोस्ट