महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 26 मार्च। जिले के गौठानों से अब मवेशी पूरी तरह गायब है। यहां अब लोगों का अवैध कब्जा हो चुका है। लोगों ने इस पर कब्जा करके घर बना रहे हैं।
पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में नरवा, गरवा, घुरवा, बारी जैसे योजनाओं के लिए गौठानों का निर्माण कराया गया। इन गौठानों में अब मवेशी नहीं हैं। सरकार बदलने के साथ ही यह योजना भी बंद हो चुकी है। खासकर गौठानों को मवेशियों की देखरेख के लिए बनाया गया था। अब सत्ता जाते ही गौठानों की स्थिति बदतर हो चुकी है। इन गौठान में अब अवैध कब्जा किया जा रहा है।
मामला बसना ब्लॉक के ग्राम पंचायत बरोली में आया है। जहां सरकारी गौठान की शासकीय भूमि पर गांव के की एक रसूखदार व्यक्ति का कब्जा है। लिया है और वहां भवन निर्माण कर रहा है। कब्जाधारी ने छत लेवल तक मकान का निर्माण भी कर लिया और मकान के आगे की जमीन पर भी कब्जा करके दोबारा बीम डालकर निर्माण शुरू कर दिया है।
ग्रामीणों की मानें तो यहां अस्पताल कर्मचारी क्वार्टर के लिए आरक्षित शासकीय भूमि पर भी एक व्यक्ति का कब्जा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारी जानबूझकर चुप्पी साधे हुए हैं। अधिकारियों की उदासीनता के कारण कब्जा धारी ने छत लेवल तक भवन का निर्माण करा लिया है।
ग्रामीणों की शिकायत के बाद भी अब तक अधिकारी न तो जांच में पहुंचे हैं और न ही अभी तक कोई ठोस कार्रवाई की जा सकी है।
बहरहाल, पंचायत सरपंच श्रृंगराज दास का कहना है कि पंचायती राज अधिनियम में प्रावधान है कि पंचायत में प्रस्ताव कर हटाने की कार्रवाई की जा सकती है। छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम 1993 के तहत गांव की सार्वजनिक भूमि का प्रबंधन व उसमें गौठान और अस्पताल के लिए आरक्षित भूमि पर अवैध कब्जा कर मकान निर्माण की शिकायत मिली थी। अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए नोटिस जारी किया गया है।