महासमुन्द

महतारी वंदन की राशि की वसूली शराब से करना चाह रही सरकार-विनोद
23-Mar-2025 2:55 PM
 महतारी वंदन की राशि की वसूली शराब से करना चाह रही सरकार-विनोद

पूरे प्रदेश सहित महासमुंद जिले के 10 गांवों में खुलेगी नई शराब दुकान

महासमुंद,23 मार्च। पूर्व संसदीय सचिव छग शासन व महासमुंद के पूर्व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने भाजपा सरकार द्वारा राज्य में 67 नई शराब दुकान खोलने के निर्णय की निंदा की है। श्री चंद्राकर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में शराब दुकान खोलकर गांव के शांत वातावरण को अशांत करने की तैयारी भाजपा की साय सरकार कर रही है। जब से राज्य में भाजपा की सरकार बनी है। लगातार शराब की खपत बढ़ाने का प्रयास सरकार द्वारा किया जा रहा है।

श्री चंद्राकर ने कहा कि भाजपा सरकार महासमुंद के ग्रामीण क्षेत्रों में 10 स्थानों पर शराब दुकान खोलने जा रही है। यह सरकार महासमुंद सहित पूरे प्रदेश को शराब में डुबोना चाह रही है। प्रदेश में 67 से अधिक नई शराब दुकान खोलने की तैयारी की जा रही है। इसमें महासमुंद जिला भी शामिल है। महासमुंद जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में शराब दुकान खोलने से गांवों में लड़ाई-झगड़ा बढ़ जाएगा। महिलाओं तथा स्कूली छात्र-छात्राओं, युवाओं को ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ेगा। ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे भी शराब की बूरी लत में फं स जाएंगे। कम उम्र के युवाओं को शराब का लत लगेगा। यह सरकार शहरी क्षेत्रों के साथ.साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी खुलेआम शराब परोसने की तैयारी कर रही है। श्री चंद्राकर ने कहा कि पूर्ववर्ती भूपेश सरकार के समय भाजपाइयों ने शराब को लेकर खूब हल्ला मचाया था। पूर्ण शराबबंदी की मांग को लेकर महिला मोर्चा की बहनों ने तो अनेक बार बड़ा आंदोलन भी किया था।

 

शराब के कारण आए दिन घरों में विवाद फसाद,शराब की लत में युवा वर्ग बड़े-बड़े अपराध, किशोर वर्ग के बच्चे भी शराब के आदी होने का हवाला देकर महिला मोर्चा की माताओं-बहनों ने कई बार आंदोलन किया था। लेकिन सरकार बदलते ही भाजपा के तमाम छोटे-बड़े नेता, मोर्चा की बहनों को शराब में कोई बुराई नजर नहीं आ रही। भाजपा की सरकार नई-नई शराब दुकानें खोलकर, आहता में एयर कंडीशन लगाकर शराब पीने की सुविधा दे रही है। और अब ग्रामीण क्षेत्रों में शराब वितरण का पूरा खाका तैयार कर लिया गया है।

श्री चंद्राकर ने कहा है कि पूरे प्रदेश के 67 नई शराब दुकानों में महासमुंद जिले के 10 ग्रामों में दुकान खोलने की तैयारी है। उनमें ग्राम बम्हनी, ग्राम रायतुम झलप, ग्राम खट्टी, ग्राम तेंदुकोना, सरायपाली क्षेत्र के ग्राम बिरकोल, बसना विखं के ग्राम बड़ेसाजापाली, महासमुंद के बिरकोनी, बसना क्षेत्र के ग्राम तोषगांव, ग्राम आंवराडबरी खल्लारी तथा ग्राम खम्हरिया शामिल हैं। यह सरकार महतारी वंदन की 1-1 हजार रुपए की राशि वसूली शराब से करना चाह रही है।


अन्य पोस्ट