महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 23 मार्च। महासमुंद जिले की पुलिस चौकी भंवरपुर क्षेत्र के ग्राम सलखंड स्थित च्वाइस सेन्टर में हुए चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नगदी रकम 5 हजार रुपए बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी हुनेश्वर साहू साकिन ग्राम सालखंड भंवरपुर ने चौकी भवरपुर थाना बसना में आकर रिपोर्ट दर्ज कराया कि 28 फरवरी को मैं च्वाइस सेन्टर के गल्ले में चालीस हजार रुपए नगद रखा और चाबी से लाक करके रात्रि में सो गया। सुबह दिनांक 1 मार्च को च्वाइस सेन्टर के गल्ले में रखे पैसे देखा तो पूरा नगदी गायब था। सेन्टर में लगे सीसीटीवी कैमरे को चेक किया तो रात्रि 2.47 बजे कोई चोर खिडक़ी तरफ से अन्दर घुसकर च्वाइस सेन्टर के गल्ले में रखे रुपए को ले जाते दिखा है। प्रार्थी की रिपोर्ट पर चौकी भंवरपुर में अपराध प्रकरण कायम कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस की टीम ने चोरी के संबंध में 02 संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की। इस दौरान हरिलाल बाघ साकिन ग्राम सलखंड तथा राकेशराम सिदार साकिन सलखंड ने च्वाइस सेन्टर में चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों के कब्जे से च्वाइस सेन्टर चुराये गये नगदी रकम 40 हजार रुपए में से 5000 को जप्त किया गया। बाकी 35 हजार रुपए को आरोपियों ने खाने पीने में खर्च कर देना बताया। दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।