महासमुन्द

तीन दिव्यांग खिलाडिय़ों समेत उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं का सम्मान
18-Mar-2025 2:44 PM
तीन दिव्यांग खिलाडिय़ों समेत उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं का सम्मान

माहवारी के प्रति भेदभाव न करें,स्वच्छता के लिए सजग रहें-एकता

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,18 मार्च। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य पर सोमवार को महिला एवं बाल विकास द्वारा सशक्त महिला सशक्त समाज थीम पर महिला दिवस का आयोजन स्थानीय शंकराचार्य भवन में किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने वाली डॉ.एकता लंगेह, प्रिया सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं की सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक उन्नति को बढ़ावा देना है एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित करना था। इस मौके पर पूर्व नपा अध्यक्ष राशि महिलांग, महिला नागरिक सहकारी बैंक अध्यक्ष अरुणा शुक्ला, स्थानीय महिला पार्षद, जनप्रतिनिधि, समाज सेवी और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद थी।

डॉ. एकता लंगेह ने अपने उद्बोधन में कहा कि महिलाओं को केवल अवसरों की तलाश ही नहीं करनी चाहिए। बल्कि स्वयं अवसरों का सृजन भी करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज की नारी हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही है। शिक्षा, विज्ञान,राजनीति, खेल और उद्यमिता हर जगह महिलाओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। हमें अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखते हुए आगे बढऩा चाहिए और समाज में  सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल व्यक्तिगत उपलब्धियों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। बल्कि यह समाज की समग्र प्रगति का आधार होना चाहिए।

               साथ ही उन्होंने कहा कि महिलाओं एवं किशोरी बालिकाओं के मासिक धर्म के समय गंदा कपड़ा उपयोग करने के कारण होने वाले बीमारी के प्रति जागरूक रहने की आवश्यकता है। साथ ही एक परिवार में सुरक्षित माहौल बनाने के लिए जोर डाला गया ताकि एक किशोरी माहवारी की पीड़ा को अपने पिता या भाई को भी आसानी से बता सके और डॉक्टरी इलाज मिल सके। उन्होंने कहा कि यह एक शारीरिक प्रकिया है। जिसमें भेदभाव नहीं करना चाहिए साथ ही साथ हमें अपने आसपास लोगों को भी मासिक धर्म के प्रति फैली भ्रांति से जागरूक करना चाहिए  और मासिक धर्म के समय सेनेटरी पैड का उपयोग करना चाहिए। डॉ. एकता लंगेह ने सभी महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें अपने प्रयासरत रहने का संदेश दिया। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को के प्रति संदेश देने सेनेटरी पैड का वितरण किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं के उत्थान, शिक्षा और अधिकारों पर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम में प्रिया सिन्हा ने सभी महिलाओं को महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं और उन्हें सशक्त, आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि महिला केवल परिवार और समाज की रीढ़ ही नहीं, बल्कि वह सशक्तिकरण और परिवर्तन का प्रतीक भी है। आज महिलाएं हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं और नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। हमें अपने आत्मविश्वास को बनाए रखते हुए आगे बढऩा चाहिए और हर चुनौती का सामना साहस के साथ करना चाहिए। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें और शिक्षा एवं कौशल विकास को प्राथमिकता दें।

इस अवसर पर समाज  सेवी महिलाओं ने भी अपने विचार रखे। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग समीर  नाविक, पर्यवेक्षक शीला प्रधान, उप संचालक समाज कल्याण संगीता सिंह, महिला एवं बाल विकास विभाग के  अन्य अधिकारी एवं अतिथि, बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद थीं। कार्यक्रम का संचालन महिला बाल विकास विभाग की तारिणी चंद्राकर ने किया। 


अन्य पोस्ट