महासमुन्द

सडक़ हादसे में 6 मौतें, गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार
16-Mar-2025 3:28 PM
सडक़ हादसे में 6 मौतें, गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
महासमुंद,16 मार्च।
होलिका दहन के दिन अपरान्ह एनएच 353 में खल्लारी ओंकारबंद के बीच घटित ट्रक कार दुर्घटना में चार परिवार के छ: सदस्यों की मौत  मामले में पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ  बीएनएस की धारा 186-1 के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में ले लिया है।

प्रारंभिक जानकारी 2 में ट्रक चालक द्वारा आगे चल रही ट्रक को तेज गति से ओवरटेक करने के चक्कर में विपरीत दिशा में आ रही कार के साथ टकराने से दुर्घटना होने की जानकारी प्रकाश में आयी है। 

इस घटना में राजस्व निरीक्षक ताहर सिंग ठाकुर, उसकी पत्नी बिंदेश्वरी एवं पुत्री वैभवी के अलावा उनकी साली सरोजनी एवं तृप्ति की मौत हो गई।  इस घटना में कार चालक सूरज कंसारी की भी मौत हो गयी थी। हादसे के बाद राकादादर कौंदकेरा गरियाबंद के अलावा गुड़ेलाभांठा, देहानीभाठा, डूमरपाली में शोक व्याप्त है।

पुलिस के अनुसार सडक़ हादसे में 6 लोगों की मौत हुई थी। जेसीबी से ट्रक चालक को बाहर निकालना पड़ा था। उसके बाद उसे उपचार हेतु महासमुंद तदुपरांत रायपुर रिफर करने की खबर है। उसकी हालत की जानकारी खल्लारी पुलिस के पास नहीं है। 

इधर, घटना के दिन शाम पूर्व तक बिंदेश्वरी एवं सरोजनी के शव का ही पीएम हो पाया था। साली तृप्ति एवं कार चालक सूरज कंसारी के शव का पोस्टमार्टम परसों सुबह 10 बजे तक होने के बाद संबंधितों के परिजनों को शव सौंपा गया। 

ताहर सिंग, उसकी पत्नी बिंदेश्वरी एवं पुत्री वैभवी का शव उनके गृहग्राम राकादादर कौंदकेरा गरियाबंद जिला, उनकी साली सरोजनी को उसके ग्राम डूमरपाली झलप एवं साली तृप्ति को उसके गृहग्राम गुड़ेलाभांठा तथा कार चालक सूरज कंसारी का शव दैहानीभाठा बागबाहरा उनके घर ले जाया गया। 

घटना की खबर के बाद से ही राकादादर सहित डूमरपाली, गुड़ेलाभांठा एवं दैहानी भांठा में शोक व्याप्त हो गया। होली के दिन गमगीन वातावरण में उनका अंतिम संस्कार हुआ। 


अन्य पोस्ट