महासमुन्द
2 माह के भीतर राशि नहीं देने पर होगी 6 माह कैद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 16 मार्च। जिले के सांकरा थाना अंतर्गत ग्राम अंसुला निवासी मनोज कुमार डड़सेना ने अपनी मजबूरी का हवाला दे कर करीबी मित्र फागुलाल से 3 साल पहले 3 लाख, 20 हजार रुपए उधार स्वरूप लिए थे। जिसकी अदायगी हेतु मनोज ने एक चेक जारी किया था, जो बाउंस हो गया।
तब फागुलाल ने अपना पैसा मांगा लेकिन मनोज ने फागुलाल से लिए रुपए वापस नहीं किए। तत्पश्चात उसने अपने अधिवक्ता बजरंग अग्रवाल के जरिए पिथौरा न्यायालय में चेक बाउंस का मामला पेश किया। जहां आरोपी मनोज को चेक में वर्णित राशि 3 लाख, 20 हजार का अर्थदंड एवं 6 माह की सजा सुनाई गई थी।
पिथौरा न्यायालय के उक्त निर्णय के विरुद्ध मनोज ने महासमुंद के सेशन कोर्ट में अपील लगाया था। जिस पर अपीलीय कोर्ट ने दोनों पक्ष की दलील सुनने के बाद महत्वपूर्ण निर्णय सुनाते हुए 6 माह की सजा की न्यायालय उठने तक की सजा में तब्दील किया और आदेशित किया कि बैंक में वर्णित राशि 3लाख, 20 हजार के स्थान पर दुगुनी राशि अर्थात् 6लाख, 40 लाख रुपए दो माह के भीतर परिवादी को अदा करे। अगर समयावधि में राशि नहीं देता है तो उसे 6 माह की सजा भुगतनी होगी। लोक अदालत में सुलह हेतु भी हुआ था प्रयास एनआई एक्ट की धारा 138 के तहत परिवादी फागुलाल ने मामला लोक अदालत पेश किया था। एनआई एक्ट का मामला राजीनामा योग्य होने से न्यायालय ने सुलह करने की सलाह दे कर समझाईश भी दी थी। यहां तक मामला कई बार लोक अदालत में लगाया गया। किंतु राजीनामा की सारी गुंजाइश खत्म होने पर न्यायिक निर्णय सुनाया गया।