महासमुन्द
परीक्षा निरीक्षक पर लापरवाही का आरोप
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 11 मार्च। स्थानीय सेंट फ्रांसिस स्कूल के सीबीएसई परीक्षा केंद्र में परीक्षा निरीक्षक की लापरवाही से 7 परीक्षार्थियों का भविष्य अधर में है। यहां परीक्षा के अंतिम समय में सप्लीमेंट्री उत्तर पुस्तिका बदल कर दूसरी उत्तर पुस्तिका देने से छात्रों के पास समय नहीं बचा और सब जानते हुए भी छात्र उत्तर नहीं लिख पाए।
सोमवार को सीबीएसई कक्षा दसवीं का गणित विषय का पेपर था। स्थानीय सेंट फ्रांसिस स्कूल को भी एक सेंटर बनाया गया है। यहां बागबाहरा सराइपाली और बसना के विद्यार्थियों को सेंटर दिया गया है। कल गणित का पेपर चल रहा था, परन्तु विद्यार्थियों द्वारा ली गई सप्लीमेंट्री उत्तर पुस्तिका कक्ष निरीक्षक ने कक्षा बारहवीं की दे दीं। इस संबंध में विद्यार्थियों को जानकारी नहीं थी लिहाजा उक्त परीक्षा कक्ष के सात छात्रों ने निरीक्षक द्वारा दी गयी अतिरिक्त उत्तर पुस्तिका में उत्तर बना लिए, परन्तु उत्तर पुस्तिका जमा करने के पूर्व जब निरीक्षक को पता चला कि छात्रों को अतिरिक्त पुस्तिका गलत दे दी गयी है। तब उन्होंने सराईपाली से आये परीक्षा प्रभारी पटनायक को मामला बताया। इस पर श्री पटनायक ने कथित रूप से सीबीएसई से अनुमति लेकर दूसरी अतिरिक्त उत्तर पुस्तिका देकर कुल 7 मिनट अतिरिक्त समय देकर 6 पेज की अतिरिक्त उत्तर पुस्तिका को उतारने के निर्देश दिए, जो कि नियमत: अवैध बताया जा रहा है।
मेरी मेहनत पर पानी फेर दिया-तनिस
एक परीक्षक तनिस बग्गा ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि उन्होंने दिन-रात मेहनत कर तैयारी की थी, परन्तु परीक्षा के दिन उनके साथ ऐसा धोखा किया जाएगा उन्हें पता नहीं था। वे इसकी शिकायत कलेक्टर से कर न्याय की मांग करेंगे। सेंट फ्रांसिस स्कूल की प्राचार्य से ‘छत्तीसगढ़’ ने चर्चा की तब उन्होंने पूरी बात परीक्षा केंद्र प्रभारी पर डाल दी।
नाम पूछने पर पुलिस रिपोर्ट की धमकी
परीक्षा कक्ष में ड्यूटी करने वाले शिक्षक का नाम लेकर उसकी शिकायत करने की बात करने पर छात्र तनिस के परिजनों को स्कूल प्रशासन ने निरीक्षक का नाम बताने से साफ इंकार किया। इसके अलावा ज्यादा बात करने पर पुलिस रपट की धमकी भी देने की बात सामने आई है। वहीं परीक्षा केंद्र प्रभारी सराईपाली के श्री पटनायक सात प्रभावित विद्यार्थियों एवं पालकों से अपनी गलती स्वीकार करते हुए तत्काल केंद्र से सरायपाली चले गए।