महासमुन्द
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
पिथौरा, 11 मार्च। वरिष्ठ कांग्रेस नेता अंकित बागबाहरा ने कहा कि लगातार लो वोल्टेज, बिजली कटौती औऱ फेस चेंज की परेशानी को लेकर पिछले साल मार्च से महासमुंद जिला प्रशासन व बिजली विभाग के संज्ञान में जानकारी वे लगातार आंदोलन के माध्यम से देते गए, उसके बाद पुन: इस साल भी फरवरी से लगातार बिजली विभाग व प्रशासन को किसान समस्या से अवगत करवाते रहे, पर विभाग अपनी हठधर्मिता के आगे अडिग रहा, जिसका दुष्परिणाम ये रहा कि झलप के पास सिंघनपुर के किसान भाई पूरन निषाद ने आत्महत्या कर ली। जिसका पूरा जवाबदार जिला बिजली विभाग है।
आज जैसे ही घटना की जानकारी अंकित बागबाहरा को मिली, वे तत्काल मृतक के परिवार से मिलने पहुंचे। तुमगांव में पोस्टमार्टम के समय मृतक के बेटे तुलेश्वर निषाद से मिलकर ढांढस बंधाया और वास्तविकता जानी। मृतक कर्ज और लो वोल्टेज और बिजली कटौती से परेशान था, ऐसा उसके बेटे और उपस्थित ग्राम वासियों ने बताया।
अंकित ने कहा कि प्रशासन को इसकी जिम्मेदारी तय करनी चाहिए,उसका कर्ज माफ करवाना चाहिए,और मृतक के परिवार को कम से कम 25 लाख रुपये को मुआवजा देना चाहिए और तत्काल बिजली कटौती, लो वोल्टेज और फेस चेंज को बंद कर इसे अनिवार्य सेवा का दर्जा दे, इसमें भी एस्मा जैसा कानून लागू किया जाए और किसानों को परेशान करना साय सरकार बंद कर दें।