महासमुन्द
तीनों युवकों की निकली अंतिम यात्रा, गांव रो उठा
हादसे में गंभीर रूप से घायल की मौत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11 मार्च। राष्ट्रीय राजमार्ग-53 दर्दीपड़ाव मुंगईमाता बावनकेरा के पास ट्रेलर-कार भिड़ंत हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक हेमंत चंद्राकर पिता दौलत चंद्राकर 30 साल ने कल सुबह उपचार के दौरान राजधानी के रामकृष्ण अस्पताल में दम तोड़ दिया। वहीं घायलों में 2 का उपचार तुमगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा 1 का उपचार बागबाहरा मार्ग स्थित सोहम अस्पताल में चल रहा है।
मालूम हो कि इस हादसे में घटना दिनांक 9 को ही 2 लोगों की मौत घटना स्थल पर हो चुकी है। जबकि एक की मौत कल सुबह हुई है। इसके बाद कल तीनों युवकों के शव का अंतिम संस्कार किया गया। तीनों युवक एक ही ग्राम तथा एक ही मोहल्ले के होने की वजह से पूरे ग्राम में शोक की लहर थी। कल ग्राम के सभी लोगों ने अपना काम बंद रखा। अंतिम संस्कार के दौरान हजारों की संख्या में ग्राम में लोग जुटे थे।
ग्राम पीढ़ी निवासियों के अनुसार हेमंत चंद्राकर की 18-19 जनवरी को ही महासमुंद में शादी हुई थी। शादी को दो माह भी ठीक से पूरे नहीं हुए थे कि इस घटना से घर का चिराग बुझ गया। नववधु के मायके और ससुराल दोनों पक्षों के लोगों पर दु:खों का पहाड़ टूट गया। हेमंत 2 भाइयों और 1 बहन में सबसे छोटा था। घर में खेती-किसानी से संबंधित सभी कार्यों को हेमंत ही सम्हालता था।
मिली जानकारी के अनुसार परसों भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए पुरी जाने के लिए वेगन आर क्रमांक सीजी 06 एचसी 8200 में सवार होकर कुल 6 लोग निकले थे। लेकिन दर्रीपड़ाव के पास ही खड़ी ट्रेलर आरजे 17 जीबी 9591 से उनकी कार टकरा गई। इससे मौके पर ही मुरारी चंद्राकर और हर्ष चंद्राकर की मौत हो गई थी। जबकि हेमंत चंद्राकर, कमल यादव, नोहर ध्रुव, उमेश चंद्राकर बुरी तरह से घायल हो गए थे। इनमें से हेमंत चंद्राकर का उपचार राजधानी के रामकृष्ण अस्पताल में चल रहा था।
अंदरूनी चोटें तथा काफी रक्तस्त्राव के चलते उसे आईसीयू में रखा गया था। लेकिन कल सुबह चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।