महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,11मार्च। ग्राम पंचायत अमलोर में रविवार को अंतर राष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज सेवी डा. एकता लंगेह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं की सामाजिकए आर्थिक और शैक्षणिक उन्नति को बढ़ावा देना था। डॉ.एकता लंगेह ने अपने उद्बोधन में कहा कि महिलाओं एवं किशोरी बालिकाओं के मासिक धर्म के समय गंदा कपड़ा उपयोग करने के कारण होने वाले बीमारी के प्रति जागरूक रहने की आवश्यकता है। उन्होंने एक परिवार में सुरक्षित माहौल बनाने के लिए जोर डाला। ताकि एक किशोरी मासिक धर्म के पीड़ा को अपने पिता या भाई को भी आसानी से बता सके और उसे डॉक्टरी इलाज मिल सके। उन्होंने कहा कि यह एक शारीरिक प्रकिया है। जिसमें भेदभाव नहीं करना चाहिए। हमें अपने आसपास लोगों को भी मासिक धर्म के प्रति फैली भ्रांति से जागरूक करना चाहिए और मासिक धर्म के समय सेनेटरी पैड का उपयोग करना चाहिए।
डॉ एकता लंगेह ने समानता के साथ रहने के लिए महिलाओं और पुरुषों को समन्वय बनाकर चलने के लिए को कहा। इस दौरान किशोरी बालिकाओं और महिलाओं को डॉ एकता लंगेह ने सेलेटरी पैड का वितरण किया। साथ में ग्रामीण महिला पुरुषों को नशा से दूर रहने का शपथ दिलवाया।
छत्तीसगढ़ जन जागरण सेवा संस्थान के सचिव आत्माराम मारकंडे ने महिला हिंसा के प्रति जागरूक किया। मितानिन दीदी हेमलता सेन ने खेल के माध्यम से महिलाओं के साथ होने वाले शोषण और उसके बचाव के लिए गतिविधि कराया। जिला पंचायत सदस्य श्रृष्टि चंद्राकर ने अंतरास्ट्रीय महिला दिवस की बधाई दी और कहा कि अपने क्षेत्र के विकास कराने के लिए प्रतिबद्ध हूं। जनपद सदस्य श्रुति ध्रुव ने क्षेत्र वासियों का आभार व्यक्त किया। इस कार्यक्रम में उपस्थित ग्राम पंचायत अमलोर की रूपा यादव, जनपद सदस्य रूपकुमारी ध्रुव, जनपद सदस्य दशरी ध्रुव, अरुण चंद्राकर, मोहित ध्रुव, मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण और भारी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित थे। मंच का संचालन ग्राम पंचायत सचिव द्वारा तथा आभार व्यक्त ग्राम पंचायत सरपंच के द्वारा किया गया।