महासमुन्द

लहंगर धान उपार्जन केन्द्र में जाड़ामुड़ा से भी बड़ा घोटाला
11-Mar-2025 2:54 PM
लहंगर धान उपार्जन केन्द्र में जाड़ामुड़ा से भी बड़ा घोटाला

हजारों क्विंटल फ र्जी पंजीयन का आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
महासमुंद,11 मार्च।
जाड़ामुड़ा के बाद अब लहंगर समिति में हजारों क्विंटल धान का फर्जी पंजीयन का पता चला है। अब तक इस बाबत किसी को भनक तक नहीं थी। लेकिन जिला प्रशासन के पास सकी शिकायत आई है। वैसे तो महासमुंद जिले में कई उपार्जन केन्द्रों में फर्जी पंजीयन को लेकर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। अब फिर से लहंगर उपार्जन केन्द्र में हजारों किंटल धान का फर्जी पंजीयन का पता चला है। यहां फर्जी पंजीयन से लगभग 30 लाख रुपए की चपत सरकार को लगाने का आरोप है। 

मिली जानकारी के मुताबिक जिले के लहंगर उपार्जन केन्द्र में साल 23-24 में रामेश्वर वैष्णव, सरस्वती बर्मा, हेमनत चंद्राकर, नवीन कुमार, दाऊ लाल चंद्राकर,तोषन कुमार सेन जैसे दर्जनों किसानों के नाम पर दो तरह से फर्जी पंजीयन को अंजाम दिया गया है। यहां एक फर्जी रकबे में नियम के विरुद्ध पंजीयन हुआ है। लगभग दर्जनों ऐसे किसानों का पंजीयन किया गया है जिसमें किसान की हकदार भूमि महज 2 एकड़, 3 एकड़, 5 एकड़ वाले वाले हैं। ऐसे पंजीयन को 10 से 15 एकड़ 20 एकड़ तक बनाया गया है। 

इस तरह यहां ट्रस्ट तक की भूमि को नियम के विरुद्ध फर्जी पंजीयन कर लाखों की हेरा फेरी की गई है। बहुत ही आसानी से दर्जनों फर्जी पंजीयन करा कर लहंगर समिति में धोखाधड़ी को अंजाम दिया गया है। यहां लगभग 100 एकड़ से भी ज्यादा फर्जी पंजीयन कर लगभग 1500 क्विंटल से भी अधिक धान बेचा गया है। यहां पंजीयन दो स्थानों पर होता है। समिति माड्यूल खुद प्रबंधक ऑपरेटर करता है तो दूसरा तहसील माड्यूल से किया जाता है जो सीधे तहसीलदार आई डी तहसील कर्मचारी द्वारा कराया जाता है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर फर्जी पंजीयन को कहां से और किसने अंजाम दिया है? 

मालूम हो कि प्रदेश की सरकार ने सख्त निर्देश दिया था कि फर्जी पंजीयन, बोगस धान की खरीदी-बिक्री में अंकुश लगाने हैं। इसके लिए बकायदा जिला प्रशासन ने भी समिति प्रबंधकों को साफ निर्देश दिया गया था कि धान खरीदी करते वक्त एक-एक पंजीयन की जांच करना जरूकी है। जानकारों के मुताबिक यह प्रक्रिया हर वर्ष कैरी फॉरवर्ड करने होते हंै। उसमें अगर कहीं फर्जीवाड़ा मिलता है तो उसे काटने के निर्देश होते हैं। लेकिन यहां फर्जी पंजीयन के बाद भी समिति ने जानबूझकर बेहिचक धान खरीदा है। 


अन्य पोस्ट