महासमुन्द
कार का अगला हिस्सा ट्रेलर के पिछले हिस्से में घुस गया, फंसे लोगों को क्रेन से निकाला
कंटेनर की ठोकर से बाइक सवार भाई-बहन सड़क पर गिरे, भाई की मौत
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
महासमुंद, 10 मार्च। महासमुंद से गुजरने वाली नेशनल हाइवे 53 पर कल 6 किलोमीटर दूरी के अंतर में दो भीषम सड़क हादसे हुए। एक हाादसे में दो लोगों की मौत और 4 लोग घायल हुए हैं जबकि दूसरे हादसे में एक की मौत तथा दूसरा गंभीर रूप से घायल है। सभी घायलों का इलाज जारी है।
पहला हादसा मुंगई माता दर्री पड़ाव और ढांक टोल प्लाजा के बीच हुआ, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। कल दोपहर मुंगईमाता बावनकेरा के समीप दर्रीपड़ाव पर सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर से टकराने के बाद कार में सवार 6 लोगों में से 2 की मौके पर ही मौत हो गयी। जबकि 4 लोग घायल हो गए हैं। इनमें से 1 गंभीर युवक को रायपुर ले जाया गया है। जहां उनका इलाज जारी है। खबर लिखते तक उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। जबकि 2 घायल का तुमगांव और 1 का सोहम अस्पताल में इलाज चल रहा है। टक्कर से कार का अगला हिस्सा ट्रेलर के पिछले हिस्से में घुस गया था। बुरी तरह क्षतिग्रस्त कार में फंसे लोगों को क्रेन की मदद से निकाला जा सका।
पुलिस व ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार इस घटना में ग्राम पीढ़ी थाना तुमगांव निवासी मुरारी पिता चुड़ावन चंद्राकर 49 वर्ष, हर्ष पिता हलेश चंद्राकर 27 वर्ष, उमेश पिता रेखलाल चंद्राकर 39 वर्ष, हेमंत पिता दौलत चंद्राकर 30 वर्ष, कमल यादव 35 वर्ष तथा नोहर ध्रुव 35 वर्ष कल वेगन आर कार क्रमांक सीज जी 06 एच सी 8200 में सवार होकर भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए जगन्नाथ पुरी जाने निकले थे।
राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 53 पर आने के बाद कुछ ही किलोमीटर आगे बढ़े थे कि दर्रीपड़ाव मुंगई माता के पास रोड साइड में खड़े ट्रेलर ट्रक क्रमांक आरजे 17 जीबी 9591 के पिछले हिस्से से उनकी कार टकरा गई।
यह टक्कर इतनी भयावह थी कि कार का सामने वाला हिस्सा ट्रेलर के पिछले हिस्से में घुस गया। इससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। राहगीरों ने फ ोन कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर राहगीरों की मदद से और क्रेन के जरिये कार को ट्रेलर से अलग किया। दुर्घटनाग्रस्त कार में फंसे मुरारी चंद्राकर और हर्ष चंद्राकर की मौके पर ही मृत्यु हो गई तथा हेमंत चंद्राकर,कमल यादव, नोहर ध्रुव, उमेश चंद्राकर बुरी तरह से घायल हो गए। खबर मिलते ही ग्राम पीढ़ी में मातम छा गया। एक ही गांव के 2 लोगों की एक हादसे में मौत तथा 4 युवाओं के बुरी तरह से घायल होने की खबर से गांव शोक में डूब गया है। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने दोनों शव परिजनों को सौंप दिये हैं। पटेवा पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दूसरा मामला ढांक टोल प्लाजा के समीप कल सुबह 11 बजे की है। जहां जांजगीर-चांपा के बिरला निवासी पवन भारद्वाज पिता स्व. तेरस भारद्वाज मोटर सायकल क्रमांक सीजी 19बीए 8232 में अपनी बहन किरण भारद्वाज के साथ पिथौरा से झलप की ओर आ रहे थे। तभी ढांक टोल प्लाजा के पास पीछे से कन्टेनर ट्रक क्रमांक एमएच.04 सीएफ 2039 ने उन्हें ठोकर मार दी। कंटेनर की ठोकर से बाइक सवार भाई-बहन सड़क पर गिर गए तथा बाइक चालक पवन भारद्वाज 30वर्ष कन्टेनर के पहिए की चपेट में आ जाने से बुरी तरह घायल हो गया तथा मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं उसकी बहन किरण भारद्वाज 20 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद तत्काल एम्बुलेंस को सूचना दी गई। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिथौरा उपचार हेतु भेजा गया तथा मृतक के शव को पीएम हेतु भेजा गया। इस मामले में पिथौरा पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना में लिया है। गंभीर रूप से घायल को रायपुर ले जाया गया है। बाकी 3 घायलों का उपचार जिला अस्पताल महासमुंद में चल रहा है।