महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 10 मार्च। रविवार को ग्राम बावनकेरा के सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित मातृ सम्मेलन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में मातृ शक्तियों का सम्मान एवं स्कूली बच्चों का सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत पूजा-अर्चना के साथ हुई। इस अवसर पर विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने मातृ शक्तियों को संबोधित करते हुए कहा कि नारी का सम्मान समाज और देश के विकास की पहली सीढ़ी है। ऐसे कार्यक्रम के आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उन्हें सम्मान देना है। महिलाओं ने इतिहास में हर क्षेत्र में अपनी छाप छोड़ी है। चाहे वह शिक्षा हो, राजनीति हो, विज्ञान हो या खेल का मैदान हो। भारतीय संस्कृति में नारी को शक्ति, ममता, और त्याग का स्वरूप माना गया है।
हमारे शास्त्रों में कहा गया है जहां नारी का सम्मान होता है। वहां देवताओं का वास होता है। इसलिए भारत को विकसित देश बनाने के लिए, भारत के तेज विकास के लिए हमारा देश महिला नेतृत्व वाले विकास के रास्ते पर चल पड़ा है। हमारी सरकार महिलाओं के जीवन में सम्मान और सुविधा दोनों को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है।
उन्होंने स्कूली विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आप सभी देश के भविष्य हैं। वर्तमान में आपका कार्य मन लगाकर पढ़ाई करना है। साथ ही उनके वार्षिक परीक्षा के लिए उन्हें शुभकामनाएं भी दीं।
इस दौरान जिला पंचायत सदस्य देवकी प्रकाश धरम पटेल, उपसरपंच द्रोण चंद्राकर,पूर्व सरपंच रोहित चंद्राकर,बसंत सिन्हा, गिरधर यदु, पप्पू ठाकुर, गिरधर चंद्राकर,मोरध्वज चंद्राकर,जगत राम सिन्हा, धनेश सिन्हा सहित अन्य नेता, स्कूल स्टाफ, ग्रामीणजन उपस्थित थे।