महासमुन्द
मंत्रालय से कलेक्टर को मिले जांच के आदेश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9 मार्च। ग्राम पंचायत देवसराल में तात्कालीन पंचायत सचिव सुभाष चन्द्र साहू ने अतिरिक्त प्रभार से हटते समय पंचायत सचिव रेखराज साहू को प्रभार तो दे दिया लेेकिन प्रभार के दौरान जानबूझकर उन्होंने पंचायत के स्थावर पंजी, रसीद तथा संदाय पंजी, भाटक पंजी, रसीद पुस्तकों का स्टाक, विवाह पंजी, कांजी हाउस पंजी, निरीक्षण पंजी, चेक जारी पंजी, पलायन पंजी, आवक पंजी, जावक पंजी, मांग वसूली पंजी, प्रस्ताव रजिस्टर सहित कई पंजियों व अभिलेखों को बगैर संधारित किये ही अपूर्ण दस्तावेज रेखराज साहू को सौंपा था।
यह जानकारी सूचना का अधिकार के तहत विनोद कुमार दास को पंचायत सचिव रेखराज साहू ने उपलब्ध कराई है। दी गई जानकारी के मुताबिक रेखराज ने सीईओ जपं पिथौरा को लिखित में 15 नवम्बर 2021 को इस बाहबत अवगत कराया था कि प्रभार के दौरान सुभाष चन्द्र साहू ने बगैर संधारित किये पंजियां व अभिलेखों को सौंपा है। अब इस मामले की शिकायत निहारिका बारीक आईएएस प्रमुख सचिव छग शासन पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को किया गया है। इस शिकायत प्रकरण में संचालक पंचायत संचालनालय ने महासमुंद कलेक्टर को जांच करके आवश्यक कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश दिये हंै।
इस मामले की लिखित शिकायत विनोद कुमार दास ने 05 दिसम्बर 2022 को किया था। जिस पर जपं पिथौरा के 02 अधिकारियों ने 31 जनवरी 2023 को मामले की जांच की। जिसमें शिकायत सही पाया गया। इसके बाद सीईओ जपं पिथौरा ने कार्रवाई हेतु प्रकरण का प्रतिवेदन जिला पंचायत महासमुंद में 21 फरवरी 2023 को प्रस्तुत कर दिया। जिस पर सच्चिदानंद आलोक सीईओ जिपं महासमुंद ने 05 जुलाई 2023 को परीक्षण प्रतिवेदन पिथौरा जनपद पंचायत से मांगा।
तात्कालीन सीईओ सनत महादेवा ने 04 अगस्त 2023 को परीक्षण प्रतिवेदन भी सौंप दिया। लेकिन सच्चिदानंद आलोक ने सुभाष साहू को प्रथम दृष्टता दोषी पाये जाने के बाबजूद कार्रवाई नहीं की। अत: उक्त प्रकरण को संचालक पंचायत संचालनालय के पास भेजा गया। जिससे प्रियंका ऋषि महोबिया भा.प्र.से. ने 03 मार्च 2025 को कलेक्टर महासमुंद को इस प्रकरण का जांच करके आवश्यक कार्रवाई किये जाने का आदेश दिया है।