महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 7 मार्च। भारतीय सांस्कृतिक निधि इंटेक द्वारा महासमुंद के पुराना विश्रामगृह में विश्व वन्यजीव दिवस पर संगोष्ठी का आयोजन महासमुंद अध्याय के संयोजक एवंं समाजसेवी दाऊलाल चंद्राकर के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य के संयोजक अरविन्द मिश्रा एवं रायपुर अध्याय के संयोजक प्रो. आर के तिवारी सेवानिवृत्त प्राचार्य का विशेष मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
संगोष्ठी के अवसर पर राज्य अध्याय के संयोजक अरविन्द मिश्रा ने कहा कि भारतीय सांस्कृतिक निधि के क्षेत्र में कार्य करने हेतु अपार संभावनाएं हैं। यहां के कार्यकर्ता सक्रिय हंै। समूचे छग में महासमुंद का एक अलग पहचान है। रायपुर अध्याय के संयोजक प्रो. आर के तिवारी ने कहा कि वन्य जीवों का संरक्षण हम सबका दायित्व है। उन्होंने अनेक कविताओं एवं लोककथाओं के माध्यम से सबको मंत्रमुग्ध कर दाऊलाल चंद्राकर ने इंटेक के क्षेत्र में किये गये कार्यों का विवरण देते हुये वन्य जीवों की संरक्षण व घटते संख्या पर चिन्ता व्यक्त की।
इस अवसर पर साहित्यकार अशोक शर्मा ने अपनी कविता खतरे में जंगल है, सिर्फ दुआ संबल है, बरगद है, गमलों में, फ ोटो में जंगल है कविता सुनाकर कार्यक्रम को नई ऊंचाईयां दी।
साहित्यकार एस.चन्द्रसेन ने पंक्तियां समर्पित करते हुये कहा कि धरती ने कहा यूं अम्बर से रंग तेरा क्यों उखड़ा है? कल तक जो दमक रहा था, आज उजड़ता मुखड़ा है। अध्याय के सह संयोजक बंधु राजेश्वर खरे ने अपनी रचना बंदर न आना तुमगांव में सुनाते हुये वन्य जीव संरक्षण पर अनेक रोचक जानकारियां दी।
संगोष्ठी के दौरान माधवराव टांकसाले पूर्व प्राचार्य, मानक चंद्राकर,डॉ. रामगोपाल यादव,प्रमोद तिवारी, शकील लोहानी, रघुनाथ सिन्हा, प्रमोद कन्नौजे, मानक नामदेव, टेकराम सेन ने विचार व्यक्त करते हुये भारतीय सांस्कृतिक निधि व विश्व वन्य जीव दिवस पर रोचक जानकारियां दी। कार्यक्रम का संचालन इंटेक के आजीवन सदस्य टेकारम सेन एवं आभार प्रदर्शन सह संयोजक बंधु राजेश्वर खरे द्वारा किया गया।