महासमुन्द
महासमुंद, 6 मार्च। पूर्व संसदीय सचिव व महासमुंद के पूर्व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने जारी विज्ञप्ति में कहा कि राज्य में जब-जब भाजपा की सरकार बनी है, किसानों को परेशान करने का काम किया गया है। छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों सहित महासमुंद जिले को जल अभाव ग्रस्त क्षेत्र घोषित किया गया है। रमन सिंह के 15 साल के कार्यकाल में भी यही होता रहा। किसानों को रबी फसल लेने से रोकने, उनका मनोबल गिराने तथा उन्हें परेशान करने की नीयत से भाजपा सरकार यह कृत्य करती है। रमन सरकार के नक्शे कदम पर अब भाजपा की साय सरकार चल रही है।
श्री चंद्राकर ने कहा कि बजाए सिंचाई सुविधाओं के विस्तार करने भाजपा सरकार किसानों को नलकूप खनन, फसल सिंचाई के लिए स्वयं के साधनों से भी वंचित करना चाहता है। किसान नलकूप खनन न कर सके इसलिए सरकार ने यह साजिश रची है। एक तरफ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ओडिशा के किसानों से खरीफ धान फसल सहित रबी फसल को भी 3100 रु. में खरीदने का वादा कर आते हैं।
वहींए अपने राज्य के किसानों को रबी सीजन में धान फसल लेने पर जुर्माना लगाने तथा उन्हें हतोत्साहित करने तरह-तरह आदेश पारित करवाते हैं। सरकार के कृत्यों से यह स्पष्ट हो रहा है कि आगामी 5 साल यह सरकार किसानों को अनेक प्रकार से परेशान करने का काम करेगी।
श्री चंद्राकर ने कहा कि यह किसानों का अधिकार है कि वह अपने खेत में कौन सी फसल लेते हैंए उन्हें अपनी भूमि पर नलकूप खनन के अधिकार से रोका नहीं जा सकता। श्री चंद्राकर ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस शासन में कांग्रेस की सरकार बनते ही किसानों के हजारों करोड़ रुपए कृषि ऋण माफ किए गए थे। इसके अलावा सिंचाई कर के रूप में 350 करोड़ रुपए भी माफ हुए थे। कांग्रेस कार्यकाल में किसानों को कभी रबी फसल लेने या नलकूप खनन करने से नहीं रोका गया।