महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 6 मार्च। महासमुंद जिले में सरकारी शराब दुकानों में अवैध कारोबार करने वालों पर आबकारी विभाग ने कार्रवाई की है। बीते दिनों बेमचा देशी शराब दुकान से कोचियों को बोरियों में शराब बेचने के मामले में दो सेल्समैन को बर्खास्त कर दिया गया है।
आबकारी विभाग ने दोनों सेल्समैन को ब्लैकलिस्ट भी कर दिया है। अब वे छत्तीसगढ़ की किसी भी सरकारी शराब दुकान में काम नहीं कर सकेंगे। बर्खास्त सेल्समैन सुनील बंजारे ने बताया कि कोचियों से मिलने वाला कमीशन सुपरवाइजर को जाता था। उन्होंने सुपरवाइजर का नाम इसलिए नहीं बताया क्योंकि वह सरपंच भी हैं।
मालूम हो कि मंगलवार को अवैध शराब बेचे जाने के मामले में ‘छत्तीसगढ़’ ने खबर प्रकाशित की थी। जिसके बाद आबकारी विभाग की टीम प्रभारी नितिश बैस के नेतृत्व में दुकान पहुंची। टीम ने शराब दुकान के सुपरवाइजर लेखराज साहू समेत सभी सेल्समेन से पूछताछ की। सीसीटीवी फुटेज और स्टॉक रजिस्टर की जांच की गई।
इसके बाद सेल्समैन सुनील बंजारे और कलश ध्रुव को बर्खास्त किया गया।
आरोपी सेल्समेन ने बताया कि कोचिए हर एक पेटी पर 100-200 रुपए का कमीशन देते थे। समाचार लिखते तक इस पूरे मामले के मास्टरमाइंड बरोंडा बाजार के नव निर्वाचित सरपंच और दुकान के सुपरवाइजर लेखराज साहू पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है।