महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 मार्च। महासमुंद में तुमाडबरी में नहर किनारे स्थित बेमचा देशी शराब दुकान मेंं कमीशन पर शराब बेचने का मामला सामने आया है।
आरोप है कि इसमें आबकारी विभाग की भी मिलीभगत है। यहां दुकान के सेल्समैन और सुपरवाइजर कोचियों को 100-200 रुपए कमीशन पर बोरियों में भरकर शराब दे रहे हैं। दुकान में सीसीटीवी कैमरे लगे होने के बावजूद यह काम बेखौफ किया जा रहा है। एक ग्राहक ने इस पूरी घटना का वीडियो भी बनाया है जो ‘छत्तीसगढ़’ के पास सुरक्षित है।
बेमचा दुकान के सुपरवाइजर लेखराज साहू का कहना है कि उसकी गैर मौजूदगी में ज्यादा मात्रा में शराब दिया गया। इसके संबंध में आबकारी अधिकारियों को बता दिया गया है।
जिला सहायक आबकारी अधिकारी दीपक ठाकुर का कहना है कि बल्क में शराब देने को नहीं कहा है। शासन का नियम ही नहीं है अधिक मात्रा में शराब देने का। वहां के प्रभारी बैस को सीसीटीवी कैमरा जांच के लिए भेजा जाएगा।
इस मामले में भाजपा जिलाध्यक्ष येतराम साहू ने कहा कि मुझे भी शिकायत मिली है। इसकी शिकायत मुख्यमंत्री से कर शराब बिक्री बंद कराने तथा अवैध बिक्री को बढ़ावा देने वालों पर कार्रवाई की मांग करेंगे।
वीडियो के मुताबिक, काउंटर पर बैठे सेल्समैन कोचियों को शराब दे रहे हैं। बाहर कुछ युवक प्लास्टिक की बोरियों में देसी प्लेन शराब भर रहे हैं। सेल्समैन सील पैक कार्टन खोलकर शराब निकाल रहे हैं।
नियम के मुताबिक एक व्यक्ति को केवल 4 क्वार्टर, 2 हाफ या एक बोतल शराब ही दी जा सकती है। लेकिन यहां इन नियमों की खुलेआम अवहेलना की जा रही है। लोगों के मुताबिक इस दुकान पर ग्राहकों की भीड़ कम रहने के बावजूद रोजाना शराब बिक रही है।
मालूम हो कि बीते एक मार्च को दलदली रोड वार्ड क्रमांक 11 के एक युवक को इसी देसी शराब दुकान से 35 क्वार्टर प्लेन शराब बोरी में भरकर ले जाते पुलिस ने पकड़ा था। पूछताछ में उसने यह स्वीकार किया था कि तुमाडबरी नहर किनारे स्थित शराब दुकान से उसने शराब लाकर वार्ड में बेचने की योजना बनाई थी।