महासमुन्द

निजी बस ऑपरेटरों की मनमानी व अधिक किराया वसूलने के आरोप
05-Mar-2025 2:53 PM
निजी बस ऑपरेटरों की मनमानी व अधिक किराया वसूलने के आरोप

अब शासन स्तर पर शिकायत करेंगे युवा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा,  5 मार्च।
निजी बस संचालकों के अडिय़ल रवैये से अब क्षेत्रवासियों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है जो कि कभी भी विस्फोटक रूप ले सकता है।
ज्ञात हो कि निजी बस संचालकों की मनमानी इतनी बढ़ गयी है कि वे परिवहन विभाग एवम पुलिस विभाग की भी परवाह किये बगैर निर्धारित दर से अधिक किराया वसूल कर बस स्टैंड से 2 किलोमीटर बाहर ही सवारियों को उतार रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार विगत दिनों क्षेत्रवासियों के हित में युवकों की एक समिति ने परिवहन विभाग एवं स्थानीय पुलिस की सहायता से सभी बस ऑपरेटरों से चर्चा में बसों को नियमानुसार बस स्टैंड तक लाने की बात हुई थी परन्तु मात्र एक दिन ही बसों को अंदर लाकर पुन: पुराना रवैया प्रारम्भ कर दिया गया। इसके अलावा बस ऑपरेटरों द्वारा शासन से निर्धारित बस किराया से अधिक वसूला जा रहा है। सवारियों द्वारा शासन का आदेश दिखाने के बाद उनसे लगातार कंडक्टर द्वारा दुव्र्यवहार किये जाने की जानकारी मिल रही है ।युवको ने पूरे मामले की जानकारी आरटीओ एवम पुलिस को दे दी है।क्षेत्र वासियो के बस ऑपरेटरों के प्रति आक्रोश देखकर लगता है कि यदि सम्बन्धित विभाग द्वारा बस ऑपरेटरों की मनमानी नहीं रुकवाई तो कभी भी माहौल बिगड़ सकता है।

सुबह आती है दो बसें, मनमाना भाड़ा वसूली
जब से निजी बसों के किराए में राज्य शासन ने 20 फीसदी की बढ़ोतरी की थी।उसके बाद से ही खासकर रायपुर से सराईपाली मार्ग पर चलने वाली निजी बस ऑपरेटरों ने शासन के अनुसार किराया बढ़ाने की बजाय अपनी मनमर्जी से किराया डेढ़ से दो गुना बढा दिया। बस ऑपरेटर मनमानी के शिकार खासकर निम्न एवम मध्यमवर्ग ही हो रहा है क्योंकि बस से सफर यही वर्ग करते है।

वर्तमान में पिथौरा से रायपुर का शासन द्वारा निर्धारित प्रति यात्री भाड़ा 120 है परंतु बस कंडक्टर अपने अनुसार 150 से 200 तक वसूल रहे हंै।
कुछ यात्रियों ने बताया कि उन्होंने बस से यात्रा के दौरान कंडक्टर को किराया अधिक लेने पर आपत्ति की गई तो उन्हें रास्ते में ही उतारने की धमकी भी दी जाती है।लिहाजा विवाद से बचने बेचारा आम आदमी बस ऑपरेटरों की मनमानी का शिकार होता रहता है।


अन्य पोस्ट