महासमुन्द

महासमुंद जिला जल अभावग्रस्त घोषित शुरुआती गर्मी में ही 10 हजार में से 272 हैंडपंपों ने दम तोड़ा, 54 में फ्लोराइड
04-Mar-2025 3:52 PM
महासमुंद जिला जल अभावग्रस्त घोषित शुरुआती गर्मी में ही 10 हजार में से 272 हैंडपंपों ने दम तोड़ा, 54 में फ्लोराइड

गांवों में तालाबों का पानी सूखा, ग्रामीण रबी फसल वाले खेतों में लगे नलकूपों पर ले जाकर पशुओं की प्यास बुझा रहे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 4 मार्च । इस बार गर्मी की शुरूआती दिनों में ही जिले भर के जल स्त्रोत सूखने लगे हैं। जहां तालाबों सहित भू-जल स्तर काफी नीचे चला गया है। वहीं कुल 9700 हैंडपंपों में 272 हैंडपंप पूरी तरह से सूख चुके हैं। इसे लेकर पीएचई विभाग ने 2024.25 में 185 नये हैंडपंप लगाने का लक्ष्य रखा है। जिसमें से 141 हैंडपंप लगाये जा चुके हैं। वहीं जिले के 54 ऐसे पंप जहां फ्लोराइ़ की मात्रा पायी गई थी। वहां फ्लोराइट रिमुअल प्लांट लगाया गया है। इसकी देखभाल की जिम्मेदारी के लिये पृथक से एजेंसियों को काम दिया गया है। कुल 185 हैंडपंप के लक्ष्य में अब तक 141 लगाये जा चुके हैं। जबकि 41 शेष हैं।

जिला मुख्यालय सहित अन्य ब्लाकों के गांवों के सैकड़ों हैंडपंप दम तोड़ चुके हैं। अनेक हैंड पंप दम तोडऩे की कगार पर हैं। कई गांवों में नलकूप से जंक युक्त पानी निकल रहा है और बहुत से गांवों में हैंडपंप मात्र शो पीस बना हुआ है। गत वर्ष कुछ ब्लॉकों में हैंडपंप से निकल रहे पानी में फ्लोराइट की मात्रा पायी गई थी। जिसके बाद उपचार किया गया। पीएचई दफ्तर से मिली जानकारी के अनुसार जन सुविधा को ध्यान में रखते हुए उक्त अधिनियम की धारा 06 के अंतर्गत नलकूप खनन हेतु अनुमति प्रदान करने के लिए अधिकारियों को प्राधिकृत अधिकारी नियुक्त किया गया है।

वे संबंधित क्षेत्र में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय निकाय, तहसील से रिपोर्ट प्राप्त कर नियमानुसार अनुमति प्रदान करेगें। जिसमें महासमुंद शहर नगर पालिका क्षेत्र में जमीन का वॉटर लेवल नीचे चले जाने की वजह से समस्याएं बढ़ी हुई हैं। तालाबों का पानी सूख चुका है। ग्रामीण रबी फसल वाले खेतों में लगे नलकूपों पर ले जाकर पशुओं की प्यास बुझा रहे हैं। ग्रामीणों के सामने पेयजल की समस्या खड़ी है।

जिले के गांवों की बात करें तो गांवों में पशुओं की प्यास बुझाने के लिए तालाब सबसे उपयुक्त साधनों में गिने जाते हैं। जिनमें पानी भरने के पहले हर वर्ष खुदाई एवं सफाई का काम विभाग द्वारा कराया जाता है। इस वर्ष गर्मी के शुरूआत में ही तालाब सूख रहे हैं। अगर समय रहते तालाबों में पानी के पुख्ता इंतजाम न किए गए तो निस्तारी की समस्या बढ़ सकती है।

विकासखंड के अभिलेखों के अनुासर राजस्व गांवों में 166 तालाब दर्ज हैं। जिसमें लगभग 45 तालाब सूखे पड़े हैं तथा 11 तालाब जलकुंभी या कूड़ा करकट से पटे पड़े हैं। अकेले जिला मुख्यालय महासमुंद में कुल 9 तालाब हैं। जिसमें महामाया तालाब, गुरु तालाब, बंधवा तालाब, टामकी, बांधा, दलदली तालाब, इमलीभांठा तालाब शामिल हैं। इनमें से आधे से अधिक तालाबों में जल स्तर कम हो चुका है। इन सभी तालाबों में अब भी लोग निस्तारी करते हैं। जिला मुख्यालय में महामाया तालाब के बाजू ही बोर होने की वजह से पिछले कुछ वर्षों से यहां का पानी नहीं सूखता। लेकिन पानी का रंग जरूर बदल जाता है। अनुसार जल स्तर नीचे चले जाने से 272 हैंडपंप प्रभावित हैं। खराब बोर के सुधार के लिये मोबाइल वाहनों के जरिए त्वरित सुधार कार्य किया जा रहा है। जिले के मचेवा, बरौंडा सहित बम्हनी तक यही स्थिति है।
 

जिला जलाभाव ग्रस्त क्षेत्र घोषित

महासमुंद जिले में आगामी ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी विनय कुमार लंगेह ने छत्तीसगढ़ पेयजल परिरक्षण अधिनियम 1986 कमांक 3, 1987 की धारा 03 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों के तहत जिले को आगामी आदेश तक जलाभाव ग्रस्त क्षेत्र घोषित किया है। यह आदेश तत्काल प्रभावशील हो गया है। उक्त अधिनियम की धारा 06 के अंतर्गत महासमुंद जिले में आगामी आदेश तक सक्षम अधिकारी की पूर्वानुमति के बिना कोई नया नलकूप,पेयजल व्यवस्था, पेयजल के अलावा किसी अन्य प्रयोजन के लिए खनन नहीं किया जा सकेगा। लेकिन शासकीय,अद्र्धशासकीय, नगरीय निकायों को पेयजल हेतु अपने क्षेत्राधिकारी सीमा के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र में नलकूप खनन हेतु अनुमति की आवश्यकता नहीं होगी। परन्तु निर्धारित नियमों का पालन वे सुनिश्चित करेगें।

 


अन्य पोस्ट