महासमुन्द

साख कर्तन शुरू: पखवाड़े भर में सवा 93 हजार मानक बोरा तेंदूपत्ता खरीदी का लक्ष्य
04-Mar-2025 3:48 PM
साख कर्तन शुरू: पखवाड़े भर में सवा 93 हजार मानक बोरा तेंदूपत्ता खरीदी का लक्ष्य

 पिछले साल 2024 में हुई थी 76935 मानक बोरा खरीदी 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 4 मार्च। जिले भर के वनग्रामों में कल सोमवार से तेंदूपत्ता शाख कर्तन कार्य शुरु हो चुका है। यह काम लगभग पखवाड़े भर चलेगा। बाद बुता छोपाई यानी तेंदूपत्ता का बंडल बनाने का काम शुरू हो जाएगा। तेंदुपत्ता शाख कर्तन को लेकर कल वन विद्यालय में संग्राहकों को प्रशिक्षित भी किया गया। इस बार वन विभाग ने 93300 मानक बोरा तेंदूपत्ता संग्रहण किये जाने का लक्ष्य रखा है। गत वर्ष भी 93300 मानक बोरा लक्ष्य के विरुद्ध 76937.905 मानक बोरा तेंदूपत्ते की खरीदी की गई थी। वहीं संग्राहकों को 4 करोड़ 22 लाख 158 हजार 477 रुपए भुगतान किया गया था।

तेंदूपत्ता को लेकर वन विभाग ने सप्ताह भर पूर्व ही लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली थी। इस बार 3 मार्च से तेंदूपत्ता तोड़ाई शाख करतन का श्रीगणेश किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार जिले के 78 प्राथमिक सहकारी समिति के अंतर्गत लगभग 787 फड़ों में तेंदूपत्ता संग्रहण किया जाना है। संग्राहकों ने बेहतर उत्पादन के लिए शाख कर्तन शुरू किया है। फड़ों की सफाई जारी है। जैसे ही तेंदूपत्ता परिपक्व हो जाएंगे, खरीदी की प्रक्रिया शुरू होगी। पिछले कुछ वर्षों से मई माह के प्रथम सप्ताह से ही खरीदी शुरू हो रही है। यदि मौसम अच्छा रहा तो इस वर्ष तेंदूपत्ता की आवक अच्छी हो सकती है।

हालांकि जिले में मौसम परिवर्तन की संभावना बनी हुई है। अच्छी गुणवत्ता वाले तेंदूपत्ता जिन इलाकों में बहुतायत रूप से मिलते हैं, वहां पर शाख कर्तन कराया जा रहा है। इसके लिए ग्रामीणों को प्रशिक्षण भी दिया गया है। जिले में चार हजार रुपए प्रति मानक बोरा की दर से तेंदूपत्ता की खरीदी की जाती है। इसके अलावा संग्राहक परिवारों को कई सुविधाएं भी दी जाती है। इसमें संग्राहक परिवारों के बच्चों को शिक्षा प्रोत्साहन छात्रवृत्ति राशि आदि शामिल हैं। इस कारण बड़ी संख्या में लोग तेंदूपत्ता संग्रहण करते हैं। तेंदूपत्ता संग्रहण आदिवासी परिवारों के लिए आय का बड़ा स्रोत है।


अन्य पोस्ट