महासमुन्द
महासमुंद, 4 मार्च। शासन के फरमान के बाद भी प्रतिवर्ष परीक्षा अवधि के दौरान सुबह से देर रात तक लोग लाउड स्पीकर ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग करते हैं। इससे छात्र-छात्राओं को पढ़ाई में अनेक दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। अंतत: इस बार छात्र-छात्राओं को ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर ब्रेक लगाने के लिए अपने विचार लिखने का मौका मिला।
दरअसल, इस बार कल से शुरू हुई कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में ध्वनि विस्तार पर रोक लगाने के लिए पत्र लिखने संबंधित प्रश्न आया था। जिसे छात्र-छात्राओं ने उत्तर पुस्तिका में अपने विचारों को उतारा।
मिली जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा कल आयोजित कक्षा 10वीं बोर्ड का पहला पर्चा हिन्दी विषय का था।
परीक्षार्थियों के अनुसार इसका प्रश्न पत्र काफ ी सरल था। प्री बोर्ड परीक्षा से काफ ी सहायता मिली। विद्यार्थियों ने हिन्दी में अच्छे अंक मिलने की उम्मीद भी जताई है। इस बार बोर्ड परीक्षा की शुरूआत एक मार्च से बारहवी के हिन्दी पेपर से हुई।
इस साल कक्षा 10 वीं की बोर्ड परीक्षा में कुल 12 हजार 658 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। छग माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा जारी समय सारिणी के अनुसार 10 वीं की परीक्षा कल तीन मार्च से शुरू होकर 24 मार्च तक चलेगी। परीक्षा हाल से निकले छात्र आदिल खान, विवेक गोस्वामी, चंद्रकांत राकेश सेन ने बताया कि पेपर निबंध में वर्तमान समस्या जैसे महंगाई की समस्या, मोबाइल से लाभ-हानि, प्रदूषण के कारण और निदान आदि विषय पर लिखने के लिए आया था। साथ ही माध्यमिक शिक्षा मंडल से द्वितीय अंक सूची मंगाने व परीक्षा अवधि में ध्वनि विस्तारक यंत्र लाउड स्पीकर को बंद कराने के लिए आवेदन पत्र लिखने के लिए आया था।