महासमुन्द

अति उच्च दाब उपकेंद्र राजिम 132 मेगावाट से 220 मेगावाट में उन्नत
03-Mar-2025 4:40 PM
अति उच्च दाब उपकेंद्र राजिम 132 मेगावाट से 220 मेगावाट में उन्नत

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,3 मार्च। विगत दिनों बागबाहरा ब्लॉक के दूरस्थ अंचल के किसानों द्वारा लो वोल्टेज की शिकायत प्राप्त हुई थी। इस संबंध में स्थानीय अधिकारियों को लो वोल्टेज की समस्या को शीघ्र दूर करने हेतु ज्ञापन सौपा गया था। किसानों से बातचीत के दौरान विद्युत विभाग के अधिकारी ने बताया कि अति उच्च दाब उपकेंद्र राजिम को 132 मेगावाट से 220 मेगा वाट में उन्नत किया गया है। इसकी आपूर्ति 220 मेगावाट  परसवानी से अलग कर 400 मेगावाट कुरूद उपकेंद्र से जोडऩे का कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है।

उक्त कार्य पूर्ण होने पर लगभग 100 मेगावाट भार परसवानी उपकेंद्र में कम होगा। जिससे वोल्टेज में बढ़ोतरी होगी। यह कार्य बीते 25 फरवरी 2025 को पूर्ण कर लिया गया है। उक्त तिथि से आज तक विभाग को लो वोल्टेज की शिकायत प्राप्त नहीं हुई है एवं किसानों से भी वोल्टेज बढऩे की खबरें प्राप्त हो रही है। कोल्दा उपकेंद्र में पावर ट्रांसफार्मर की क्षमता 3.15 मेगावाट से से 5 मेगावाट की वृद्धि की गई है। जिससे उस क्षेत्र के किसानों को इसका लाभ मिल रहा है।

बिजली विभाग के अधिकारियों ने कहा है कि उच्च दाब उपकेंद्र सुनसुनिया में एक नया 33 फीडर का लोड बाईफरकेशन का कार्य युद्ध  स्तर पर किया जा रहा है। मार्च 2025 माह के प्रथम सप्ताह के अंत तक यह कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। इस कार्य से कोमाखान,मुनगाशेर एवं  कोल्दा क्षेत्र के किसानों को इसका लाभ प्राप्त होगा। विद्युत विभाग किसानों की विद्युत संबंधी शिकायतों को दूर करने हेतु सतत प्रयासरत है। वर्तमान में महासमुंद संभाग में लो वोल्टेज की समस्या नहीं है। किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान ना दें। यह जानकारी कार्यपालन अभियंता पी आर  वर्मा ने दी है आरै कहा है कि विद्युत संबंधित शिकायतों के लिए विद्युत कार्यालय में लिखित एवं टोल फ्री नंबर 1912 में दर्ज करवाएं।


अन्य पोस्ट