महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 2 मार्च। किसान संघर्ष समिति द्वारा मंगलवार को जिला कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
ज्ञात हो कि विगत 24 फरवरी को ग्राम कोमाखान में समिति द्वारा एक प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए विद्युत विभाग के अफसरों के सामने अपनी मांग रखते हुए कोई सप्ताह भर के भीतर लौ वोल्टेज की समस्या का समाधान करने की मांग की गई थी।
किसान संघर्ष समिति के संयोजक अंकित बागबाहरा ने बताया कि खल्लारी विधानसभा के अंतर्गत आने वाले बागबहारा व पिथौरा ब्लॉक के लगभग समस्त ग्रामों में ‘लो वोल्टेज/फेस बदल देना/बिजली कटौती’ की भारी समस्या के कारण गांव-गांव में पीने के पानी की समस्या, परीक्षा के दिनों में पढ़ाई में समस्या, और खासकर खेती किसानी के दिन में रवि फसल ले रहे किसानों को फसल बचाने में समस्या का सामना करना पड़ रहा है और फसल मरने के कगार पर है । इस संदर्भ में 24/2/25 दिन सोमवार को जिला विधुत अधिकारी के नाम से ज्ञापन सौंप कर 5 दिन का समय दिया था,बावजूद इसके समस्या में कोई सुधार नहीं हुआ। अब हमारी आवाज को रायपुर राजधानी तक पहुंचाने व समस्या के तत्काल समाधान हेतु 4/3/25 को जिलाधीश कार्यालय महासमुंद बीटीआई रोड को सुबह 10 बजे से घेरने का निर्णय हुआ है।
अंकित बागबाहरा ने सभी किसान मजदूर विद्यार्थी दुकानदार स्थानीय निवासियों की बड़ी संख्या में साथियों सहित खैरा में एकत्रित होने की सूचना दी है। अपना भोजन वहीं बनाना है, व्यवस्था साथ ले कर आयेंगे। क्योंकि जब तक वोल्टेज नहीं, तब तक वापसी नहीं होगी।