महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28 फरवरी। जिले के सिंघोड़ा थाना अंतर्गत रेहटीखोल के पास से पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार व मोटरसायकल में अवैध रूप से गांजा का परिवहन कर रहे के चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार 27 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति एक सिल्वर कलर की होंडा सीआरवी कार क्रमांक एमएच 14 बीके 9895 में अवैध रूप से गांजा रखकर ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर आ रहे हैं। सूचना पर थाना प्रभारी महेश साहू के निर्देशन में पुलिस की टीम ने एनएच 53 पर ग्राम रेहटीखोल के पास नाकाबंदी की।
कुछ समय बाद मुखबिर के बताए अनुसार वहां पर एक कार पहुंची। जिसमें दो व्यक्ति सवार थे। वे पुलिस को देखकर अपनी गाड़ी को तेज गति से भगाने लगे। जिन्हें पुलिस द्वारा दौड़ाकर पकड़ा गया। भागने का कारण पूछने पर उन्होंने कार में गांजा होना तथा उक्त गांजा को बरगढ़ ओडि़शा से भोसरी पुणे महाराष्ट्र ले जाना स्वीकार किया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों ललित दीपक खोल्ल्म खोल्लम उम्र 37 वर्ष निवासी गहवनी बस्ती आदीनत नगर भोसरी जिला पुणे महाराष्ट्र एवं मयूर दिलीप राऊत उम्र 30 वर्ष निवासी राजगुरू नगर थाना खेड जिला पुणे महाराष्ट्र के कब्जे से 20 किलोग्राम गांजा कीमत 3 लाख रुपए को कार सहित जब्त किया।
इसी तरह गांजे के दूसरे मामले में सिंघोड़ा पुलिस द्वारा रेहटीखोल में जाकर नाकाबंदी की गई। इसी दौरान एक काले रंग की टीवीएस मोटर सायकल में दो व्यक्ति सवार होकर आए। पुलिस ने दोनों व्यक्तियों निमाई लुहा 28 वर्ष निवासी कनबिर थाना मनामुण्डा जिला बौध ओडि़शा और पुरोहित सोना 20 वर्ष राकेशकुटी थाना मनामुण्डा जिला बौध ओडि़शा के कब्जे से 5 किलोग्राम गांजा कीमत 75 हजार रुपए को मोटर सायकल सहित जब्त किया। पुलिस ने दोनों ही मामलों में आरोपियों के खिलाफ धारा 20 ख नारकोटिक्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है।